वाल्मीकि समाज के नाम केजरीवाल का खास संदेश, कहा- आप ने MCD में वाल्मीकि समाज के लिए काम किया
New Delhi: पूरे देश में गुरुवार को भगवान वाल्मीकि की जयंती धूमधाम से मनाई गई। आम आदमी पार्टी ने वाल्मीकि जयंती पर दिल्ली से पंजाब तक कई कार्यक्रम किए। आप सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल ने आज (शुक्रवार) को वाल्मीकि समाज के नाम एक वीडियो जारी किया है। केजरीवाल ने अपने अपने एक्स हैंडल पर पोस्ट साझा कर कहा, मेरी तरफ से वाल्मीकि समाज के भाई-बहनों के नाम खास संदेश है।
केजरीवाल ने कहा कि भगवान वाल्मीकि जी ने रामायण की रचना की थी जिसने हमेशा ही हमारा मार्गदर्शन किया है। अमृतसर में भगवान वाल्मीकि जी का बड़ा मंदिर है, यहीं पर उन्होंने रामायण की रचना की थी। पंजाब की AAP सरकार ने अमृतसर में भगवान वाल्मीकि जी का पैनोरमा बनाया है, जिसमें दुनिया की विश्वस्तरीय High-Tech तकनीक का इस्तेमाल किया गया है। मेरी देश के सभी लोगों से विनती है कि आप भगवान वाल्मीकि जी का जीवन चित्रण करने वाले पैनोरमा को ज़रूर देखने जाएं।

MCD में AAP ने वाल्मीकि समाज के लिए काम किया
केजरीवाल ने कहा कि एमसीडी में आम आदमी पार्टी की सरकार ने वाल्मीकि समाज के हित में काम किया। उन्होंने कहा, दो दिन पहले ही 600+ सफ़ाई कर्मियों को पक्का किया गया है। इससे पहले 8,500+ सफ़ाई कर्मियों को पक्का किया जा चुका है। अब सफ़ाई कर्मियों के ख़ाते में पहले हफ़्ते में ही सैलरी डाल दी जाती है, अब उन्हें धरना नहीं देना पड़ता।
बता दें कि गुरुवार को भगवान वाल्मीकि की जयंती पर अरविंद केजरीवाल ने लाल किले के पास एक कार्यक्रम में शिरकत की। आज भी केजरीवाल अपने विधानसभा क्षेत्र में एक कार्यक्रम में शामिल हुए। केजरीवाल ने अपने एक्स हैंडल पर लिखा- आज अपनी विधानसभा में भगवान वाल्मीकि जी की शोभा यात्रा में शामिल होने और भंडारे में सेवा करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। साथ ही, क्षेत्रवासियों की समस्याओं पर अफसरों को तुरंत कार्रवाई करने के आदेश दिए। दिल्ली के सभी रुके हुए काम एक-एक करके फिर से शुरू कर रहे हैं। भगवान वाल्मीकि जी सभी दिल्लीवासियों का भला करें और हमें इसी तरह सच्चाई के रास्ते पर चलने की ताकत दें।












Click it and Unblock the Notifications