AAP की 4 चीजों से बीजेपी को दिक्कत, शुरू किया ऑपरेशन लोटस का दूसरा फेज: केजरीवाल
नई दिल्ली, 18 सितंबर: भारतीय जनता पार्टी और आम आदमी पार्टी के नेताओं में जुबानी जंग जारी है। इस बीच दिल्ली में AAP का राष्ट्रीय जनप्रतिनिधि सम्मेलन आयोजित हुआ। जिसमें दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बीजेपी पर आरोपों की बौछार कर दी। केजरीवाल के मुताबिक बीजेपी ने ऑपरेशन लोटस के दूसरे चरण की शुरुआत कर दी है, जिसका मकसद जनता द्वारा चुनी गई सरकार को गिराना है। पंजाब और दिल्ली में ऑपरेशन लोटस का पहला फेज नाकाम हो चुका है।

केजरीवाल के मुताबिक बीजेपी AAP की चार चीजें बर्दास्त नहीं कर पा रही है। पहली है हमारी ईमानदारी। दूसरा वो काम है जो हम शिक्षा पर कर रहे हैं, उनके कई नेताओं ने शिक्षा के बारे में कभी बात नहीं की। तीसरा- हमारी स्वास्थ्य सुविधाएं, जिनके बारे में दुनिया बात कर रही है। इसके अलावा चौथी बात है, जनता को हमारी ओर से दिया मुफ्त उपहार, जिसे वो फ्री रेवरी कहते हैं।
AAP सुप्रीमो ने कहा कि वे मनीष सिसोदिया के पीछे हैं। अमानतुल्ला को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। इसके बाद वे दिल्ली के परिवहन मंत्री कैलाश गहलोत को निशाना बनाएंगे। केजरीवाल का आरोप है कि बीजेपी लगातार केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग कर रही है। उन्होंने कहा कि आज देश के 20 राज्यों में हमारे 1446 जनप्रतिनिधि हैं। ये हमारे बीज हैं जो भगवान ने बोए हैं। दिल्ली और पंजाब में ये बीज पेड़ बन गए, जो लोगों को छाया और फल दे रहे हैं। भगवान ने गुजरात में 27 बीज बोए थे जो पेड़ बनने जा रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि गुजरात में उनकी सरकार बनने जा रही है।
अभी और MLA करेंगे गिरफ्तार- केजरीवाल
वहीं इससे पहले एक ट्वीट में दिल्ली सीएम ने लिखा कि पहले इन्होंने सत्येंद्र जैन को गिरफ्तार किया। कोर्ट के बार बार पूछने पर भी ये कोई सबूत पेश नहीं कर पा रहे। फिर मनीष के घर रेड की, कुछ नहीं मिला। अब अमानतुल्लाह को गिरफ्तार किया है, अभी और भी कई MLAs को गिरफ्तार करेंगे। गुजरात में लगता है इन्हें तकलीफ बहुत ज्यादा हो रही है।












Click it and Unblock the Notifications