Kanjhawala Case: आरोपी का परिवार बोला, अंजलि को न्याय मिलना चाहिए, मीडिया से लगाई ये गुहार
दिल्ली में हुई भयावह घटना के बाद आरोपी के परिवार ने कहा कि अंजलि को न्याय मिलना चाहिए। आरोपी के भाई ने कहा कि अंजलि के साथ जो हुआ वह किसी के साथ नहीं होना चाहिए।

Kanjhawala Case: दिल्ली के कांजावाला घटना के बाद पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इन पांच आरोपियों में से एक आरोपी के भाई ने कहा कि हम पीड़िता के लिए न्याय चाहते हैं। इस मामले में पुलिस ने अमित खन्ना, दीपक खन्ना, मिथुन, कृष्णा और मनोज मित्तल को गिरफ्तार किया है। इन लोगों को रविवार की सुबह ही इस घटना के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। मंगलवार को अमित, दीपक और मिथुन के घर में ताला लग गया। जबकि कृष्णा के परिवार का कहना है कि हम चाहते हैं कि अंजलि को न्याय मिले। परिवार का कहना है कि आरोपियों को कानून के तहत सजा मिलनी चाहिए।

आरोपी का भाई बोला, ऐसा किसी के साथ नहीं होना चाहिए
कृष्णा के भाई मुकेश का कहना है कि अंजलि के साथ जो हुआ वह किसी के साथ नहीं होना चाहिए। उसे न्याय मिलना चाहिए। उसके परिवार को भी न्याय मिलना चाहिए। लेकिन इस केस का मीडिया ट्रायल नहीं होना चाहिए। हम पुलिस की जांच पर भरोसा करते हैं और हमे उम्मीद है कि उन्हें कानून के तहत सजा मिलेगी। मुकेश ने कहा कि इस घटना के बाद परिवार का एक भी सदस्य घर से बाहर नहीं निकला है। हमे न्यूज चैनल से ही बस जानकारी मिल रही है। हमे डर है कि अगर हम कृष्णा से मिलने के लिए पुलिस स्टेशन जाते हैं तो लोग हमारे साथ हिंसक हो जाएंगे।

आरोपियों के पड़ोसियों का क्या कहना है
वहीं मिथुन के घर पर ताला लगा है लेकिन पड़ोसियों का कहना है कि हम इस घटना में मिथुन के शामिल होने की खबर सुनकर चौंक गएए थे। उन्होंने कहा कि वह काफी मदद करने वाला आदमी है। पड़ोस में रहने वाले विजय कुमार ने बताया कि मिथुन के परिवार वाले एक रिश्तेदार की शादी में शामिल होने के लिए गांव गए हैं। अमित खन्ना की बात करें तो वह स्टेट बैंक में काम करता है, वह अपनी मां और बड़े भाई के साथ रहता है। उसके घर पर भी ताला पड़ा है। इसी बिल्डिंग में नीचे रहने वाली रश्मि ने बताया कि अमित और उनके भाई इसी घर में रहते हैं, जबकि मां पंजाब में रहती हैं। दीपक खन्ना जोकि ग्रामीण सेवा की गाड़ी चलाता है वह अपने भाई के साथ मंगोलपुरी में रहता है। पड़ोसियों का कहना है कि उनके पिता की कई साल पहले मृत्यु हो गई है। जबकि मां कोरोना में मर गईं।

क्या कहना है कि अंजलि की दोस्त का
गौर करने वाली बात है कि जिस वक्त यह घटना हुई अंजलि के साथ उसकी दोस्त निधि भी थी। यह जानकारी सामने आई थी कि घटना के बाद निधि वहां से चली गई थी। लेकिन घटना के बाद एक टीवी इंटरव्यू में निधि ने कहा अंजलि नशे में थी, लेकिन इसके बाद भी उसने गाड़ी चलाने की जिद की। उसने बताया कि इसी बात को लेकर हम दोनों के बीच होटल में लड़ाई हो रही थी, जिसे सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है। निधि ने पुलिस को बताया कि अंजलि ने उसे धमकी दी कि अगर वह उसे स्कूटर चलाने के लिए नहीं देती है तो वह स्कूटर से कूद जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications