₹2,500 हर महीने पाने का मौका: दिल्ली लक्ष्मी योजना के लिए आवेदन शुरू, कौन कर सकता है अप्लाई और क्या है प्रोसेस
Delhi Laxmi Yojana: दिल्ली सरकार ने महिलाओं से किया गया अपना बड़ा चुनावी वादा पूरा करने की दिशा में कदम बढ़ा दिया है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने 1 अगस्त को पूर्वी दिल्ली के जिला मजिस्ट्रेट (DM) कार्यालय से दिल्ली लक्ष्मी योजना (Delhi Laxmi Yojana) का ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन पोर्टल लॉन्च कर दिया। पोर्टल खुलते ही आवेदन शुरू हो गए हैं।
इस योजना के तहत पात्र महिलाओं को हर महीने 2,500 रुपये की आर्थिक मदद दी जाएगी। सरकार ने इसके लिए 2026-27 के बजट में 5,110 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है। सरकार की कोशिश है कि सभी आवेदनों की जांच पूरी होने के बाद रक्षाबंधन (28 अगस्त) के आसपास पहली किस्त जारी कर दी जाए। ऐसे में आइए जानते हैं कि दिल्ली लक्ष्मी योजना के कौन आवेदन कर सकता है और कैसे करें अप्लाई।

योजना की शुरुआत करते हुए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि इसका मकसद महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाना है, ताकि वे अपनी रोजमर्रा की जरूरतें सम्मान और आत्मनिर्भरता के साथ पूरी कर सकें।
दिल्ली लक्ष्मी योजना के कौन कर सकता है आवेदन?
इस योजना का लाभ सिर्फ उन्हीं महिलाओं को मिलेगा जो सरकार की तय शर्तों को पूरा करती हैं। आवेदक की उम्र 21 से 60 वर्ष के बीच होनी चाहिए। आवेदन करने वाली महिला अपने परिवार की सबसे बड़ी महिला सदस्य हो। परिवार की सालाना आय 2.5 लाख रुपये से ज्यादा नहीं होनी चाहिए। महिला का दिल्ली का वोटर होना भी जरूरी है।
इसके अलावा, महिला, उसके पति या माता-पिता में से किसी एक का कम से कम 10 साल से दिल्ली का निवासी होना जरूरी है। पिछले 12 महीनों में घर की बिजली खपत 2,400 यूनिट से ज्यादा नहीं होनी चाहिए।
दिल्ली लक्ष्मी योजना के लिए कैसे करें आवेदन?
दिल्ली लक्ष्मी योजना का आवेदन पूरी तरह ऑनलाइन होगा। आवेदन करते समय हर जानकारी सही भरना जरूरी है।
- सबसे पहले dly.delhi.gov.in पोर्टल पर जाएं।
- पात्रता से जुड़े सभी सवालों का जवाब दें।
- आधार नंबर और अपनी निजी जानकारी भरें।
- परिवार के सभी सदस्यों की जानकारी दर्ज करें।
- बैंक खाते की जानकारी भरें, ताकि पैसे सीधे खाते में भेजे जा सकें।
- मांगे गए सभी दस्तावेज तय फॉर्मेट में अपलोड करें।
- आवेदन सबमिट करने से पहले पूरी जानकारी एक बार जांच लें।
- अपने क्षेत्र के सांसद (MP) या विधायक (MLA) का एंडोर्समेंट लेटर अपलोड करें।
- आवेदन जमा होने के बाद रसीद डाउनलोड करके सुरक्षित रख लें।
किन महिलाओं को नहीं मिलेगा लाभ?
कुछ श्रेणियों की महिलाओं को इस योजना का फायदा नहीं मिलेगा। अगर महिला पहले से किसी सरकारी पेंशन या नियमित सरकारी आर्थिक सहायता का लाभ ले रही है, तो वह आवेदन नहीं कर सकेगी। आयकर देने वाले, GST रजिस्ट्रेशन वाले, सरकारी कर्मचारी, सार्वजनिक पद पर बैठे लोग और सरकारी संस्थानों में काम करने वाले भी इस योजना से बाहर रखे गए हैं।
अगर परिवार के किसी सदस्य के नाम चार पहिया वाहन है, तीन से ज्यादा बच्चे हैं या किसी तरह का आपराधिक रिकॉर्ड है, तब भी आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा।
आवेदन के लिए कौन-कौन से दस्तावेज चाहिए?
आवेदन करते समय इन दस्तावेजों की जरूरत होगी।
- आधार कार्ड
- दिल्ली वोटर आईडी
- पासपोर्ट साइज फोटो
- हस्ताक्षर
- सांसद या विधायक का एंडोर्समेंट लेटर
- 10 साल के निवास का प्रमाण (वोटर आईडी, राशन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, बिजली बिल या गैस कनेक्शन)
- उम्र का प्रमाण (जन्म प्रमाण पत्र, 10वीं की मार्कशीट, स्कूल लीविंग सर्टिफिकेट, पैन कार्ड, आधार, वोटर आईडी या ड्राइविंग लाइसेंस)


Click it and Unblock the Notifications
