Reels बनाने की शौकीन नौकरानी ने कर दिया घर-घर जाकर 'कांड', DSLR कैमरे के लिए इस हद तक पहुंची
Delhi News: देश की राजधानी दिल्ली से एक हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है। यहां एक बंगले में घरेलू सहायिका का काम करने वाली 30 वर्षीय महिला को रील्स बनाने का ऐसा खुमार चढ़ा कि उसी शौक ने उसे मुसीबत में डाल दिया।
पुलिस ने बंगले से गहने चोरी करने के आरोप में नीतू नाम की सहायिका को गिरफ्तार किया है। चोरी के पीछे ऐसी वजह का खुलासा हुआ है, जिसको जानकर हर कोई हैरान है।

रील्स के चस्के ने बनाया चोर
अपने पति के अत्याचार से बचने के लिए दिल्ली आई महिला नीतू को पुलिस ने घर से गहने चोरी करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। मामला दिल्ली के द्वारका इलाके से सामने आया है, जहां घर-घर में जाकर काम करने वाली नीतू को रील और वीडियोज बनाने का ऐसा चस्का लगा कि उसने इमानदारी को ताक पर रखकर कीमती सामान पर ही हाथ साफ करना शुरू कर दिया।
इस वजह से की घर-घर जाकर चोरी
दिल्ली पुलिस के मुताबिक टीम ने लाखों के गहने चोरी के मामले में एक घरेलू सहायिका को गिरफ्तार किया है। चोरी के पीछे अच्छी क्वालिटी रील्स वीडियो बनाने के लिए डीएसएलआर कैमरा खरीदना बताया जा रहा है। पुलिस ने बताया अच्छा और महंगा कैमरा खरीदने के लिए नीतू ने चोरी की थी।
कैमरा खरीदना चाहती थी नीतू
जानकारी के अनुसार चोरी करने की आरोपी नीतू अपना यूट्यूब चैनल चलाती है। जिसके लिए वो मोबाइल से ही वीडियो शूट करती थी, लेकिन उसे किसी परिचित ने बताया कि डीएसएलआर कैमरे से अगर वीडियो शूट होगा तो वीडियो की क्वालिटी बहुत अच्छी हो जाएगी, जिसके बाद महिला ने बस जैसे-तैसे कैमरा खरीदने का मन बना लिया।
नहीं मिली मदद तो बनी चोरनी
हालांकि जब नीतू को कैमरे की कीमत का पता चला तो वो उसके बजट से बाहर था, हालांकि उसने अपने रिश्तेदारों से भी मदद मांगी, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ, इसके बाद नीतू ने अपना शैतानी दिमाग लगाया और फिर जिस-जिस घर में काम करती थी, वहां से कीमती सामान पर हाथ साफ करना शुरू कर दिया।
15 जुलाई को हुई थी लाखों की चोरी
इस बीच द्वारका के पॉश इलाके में एक बंगले के मालिक ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई कि उनके घर में 15 जुलाई को चोरी हो गई। मकान मालिक के अनुसार उसके घर से एक सोने के कंगन, एक चांदी की चेन और चांदी के गहने चोरी हुए। जिसका शक उन्होंने घरेलू सहायिका पर जाहिर किया।
भागने से पहले ही पुलिस ने पकड़ा
इसके बाद पुलिस ने अपनी तफ्तीश आगे बढ़ाते हुए घरेलू सहायिका के मोबाइल नंबर पर कॉल की तो वो बंद था और उसका पता भी फर्जी निकला। इसके बाद सीसीटीवी फुटेज खंगालने और स्थानीय लोगों से पता करने के बाद नौकरानी की लोकेशन मिल गई और दिल्ली से भागने की कोशिश से पहले ही उसे पकड़ लिया गया।












Click it and Unblock the Notifications