H1N1 Cases in Delhi-NCR: स्वाइन फ्लू से बचने के लिए क्या करें और क्या नहीं? जानें डॉक्टरों की सलाह
Swine Flu Treatment Delhi: दिल्ली-एनसीआर में Influenza A (H1N1), जिसे आमतौर पर स्वाइन फ्लू कहा जाता है, के मामलों में बढ़ोतरी देखी जा रही है। NCDC के आंकड़ों के मुताबिक अब तक 1,777 H1N1 मामले सामने आए हैं, जो पिछले साल की इसी अवधि की तुलना में अधिक हैं। डॉक्टरों के मुताबिक ऊपरी श्वसन तंत्र से जुड़े लक्षणों के साथ जांच कराने वालों की संख्या भी बढ़ी है।
ऐसे में बदलते मौसम के बीच सावधानी बरतना जरूरी है। खासतौर पर बुजुर्गों, बच्चों, गर्भवती महिलाओं, कमजोर इम्यूनिटी और अन्य बीमारियों से जूझ रहे लोगों को लक्षण दिखने पर बिना देरी डॉक्टर से सलाह लेनी चाहिए।

दिल्ली-NCR में क्यों बढ़ रहे H1N1 के मामले?
विशेषज्ञों के मुताबिक दिल्ली-NCR में H1N1 संक्रमण के मामलों में बढ़ोतरी के साथ जांच की मांग भी बढ़ी है। Dr Dang's Lab के CEO अर्जुन डांग ने बताया कि उनकी लैब में हाल के हफ्तों में दर्जनों पॉजिटिव मामले मिले हैं। बदलते मौसम और श्वसन संक्रमण के बढ़ते मामलों के बीच डॉक्टरों का कहना है कि लगातार खांसी, गले में खराश, बुखार या शरीर में दर्द जैसे लक्षणों को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।
फ्लू के इन लक्षणों को बिल्कुल नजरअंदाज न करें
H1N1 में बुखार, खांसी, गले में खराश, नाक बहना या बंद होना, सिरदर्द, शरीर में दर्द और थकान जैसे लक्षण दिखाई दे सकते हैं। कुछ लोगों में लक्षण हल्के रह सकते हैं, जबकि जोखिम वाले मरीजों में बीमारी गंभीर रूप ले सकती है। डॉक्टर की सलाह है कि अगर सांस लेने में परेशानी, लगातार तेज बुखार, सीने में दर्द या अत्यधिक कमजोरी महसूस हो तो तुरंत चिकित्सकीय मदद लें और खुद से दवा लेने से बचें।
मास्क और हाथों की सफाई क्यों है जरूरी?
H1N1 जैसे श्वसन संक्रमण को फैलने से रोकने में सामान्य सावधानियां अहम भूमिका निभाती हैं। डॉक्टरों के मुताबिक नियमित रूप से साबुन से हाथ धोना, भीड़भाड़ वाली जगहों पर जरूरत के अनुसार मास्क पहनना और खांसते या छींकते समय मुंह-नाक ढकना संक्रमण के प्रसार को कम करने में मदद कर सकता है। बीमार महसूस होने पर दूसरों के संपर्क में आने से बचना भी जरूरी है, ताकि संक्रमण परिवार और आसपास के लोगों तक न पहुंचे।
पॉजिटिव आने पर क्या करें?
अगर जांच में H1N1 संक्रमण की पुष्टि होती है तो घबराने के बजाय डॉक्टर की सलाह के अनुसार इलाज और आराम करना चाहिए। विशेषज्ञों के मुताबिक संक्रमित व्यक्ति को चिकित्सकीय सलाह के अनुसार आइसोलेशन में रहना चाहिए, खासकर तब जब घर में बुजुर्ग, छोटे बच्चे या कमजोर इम्यूनिटी वाले लोग मौजूद हों। डॉक्टर की सलाह के बिना एंटीबायोटिक या दूसरी दवाएं शुरू नहीं करनी चाहिए। जरूरत पड़ने पर समय पर जांच और उपचार बीमारी को गंभीर होने से रोकने में मदद कर सकते हैं।
किन लोगों को ज्यादा सावधान रहने की जरूरत?
कमजोर इम्यूनिटी वाले लोगों और अन्य गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीजों को H1N1 के प्रति विशेष सावधानी बरतनी चाहिए। ऐसे लोगों में संक्रमण के गंभीर होने का जोखिम अधिक हो सकता है। डॉक्टरों की सलाह है कि लक्षण विकसित होने पर वे बिना देरी चिकित्सकीय सलाह लें और जरूरत पड़ने पर जांच कराएं। बुजुर्गों, छोटे बच्चों और अन्य हाई-रिस्क लोगों में सांस से जुड़े लक्षण बढ़ने पर घर पर इंतजार करने के बजाय डॉक्टर से संपर्क करना बेहतर है।


Click it and Unblock the Notifications
