Good News: 'दिल्ली का DSSSB 2025 तक 20 हजार कर्मचारियों की करेगा भर्तियां', LG का ऐलान
Good News: सरकारी नौकरी का इंतजार कर रहे युवाओं के लिए दिल्ली राज्य अधीनस्थ सेवा चयन बोर्ड (डीएसएसएसबी) खुशखबरी लेकर आया है। दिल्ली के उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने शुक्रवार को बताया कि आगामी नए साल 2025 तक डीएसएसएसबी विभिन्न विभागों में 20,000 कर्मचारियों की भर्ती करेगा।
यह बातें वीके सक्सेना ने विज्ञान भवन में दिल्ली सरकार और दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) में 27 डॉक्टरों सहित 627 नव नियुक्त कर्मचारियों को नियुक्ति पत्र वितरित करते वक्त कहीं। सक्सेना ने सरकारी नौकरियों में अस्थायी पदों को समाप्त करने और पात्र उम्मीदवारों के लिए पारदर्शी तरीके से अवसर पैदा करने की प्रतिबद्धता पर प्रकाश डाला।

सक्सेना ने सरकारी कर्मचारियों को बधाई देते हुए एक्स (पूर्व में ट्विटर) पोस्ट में, कहा कि पिछले दो सालों में डीएसएसएसबी द्वारा 17,000 से अधिक स्थायी भर्तियां की गई हैं, जो पिछले दशक में किए गए कुल नियुक्तियों से अधिक है।
विभिन्न विभागों में नियुक्ति
नए नियुक्त कर्मचारियों को शिक्षा, स्वास्थ्य और परिवार कल्याण, डीटीसी, अग्निशमन सेवाएं, डीयूएसआईबी, एनडीएमसी, एमसीडी, और सिंचाई सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विभागों में नियुक्त किया गया है। सक्सेना ने इस बात पर भी जोर दिया कि ये स्थायी भर्तियां 2047 तक विकसित भारत के प्रधानमंत्री के दृष्टिकोण के अनुरूप हैं, और इससे दिल्ली के निवासियों को बेहतरीन सेवाएं मिल सकेंगी।
सरकारी सेवाओं में सुधार और भविष्य की योजनाएं
दिल्ली के मुख्य सचिव नरेश कुमार ने इस अवसर पर सरकारी कर्मचारियों के बीच क्षमता निर्माण के लिए एक रोडमैप तैयार करने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने एक पूर्ण प्रमाणित परीक्षा प्रणाली की आवश्यकता पर भी बल दिया, जिसमें साइबर सुरक्षा की विशेष सुविधाएं शामिल हों।
डीएसएसएसबी के अध्यक्ष सुरबीर सिंह ने बताया कि पिछले दो सालों में बोर्ड ने 177 विभिन्न पदों के लिए परीक्षाएं आयोजित की हैं। उन्होंने यह भी बताया कि वर्तमान में लगभग 18,000 रिक्तियों की भर्ती प्रक्रिया चल रही है और यह जल्द ही पूरी हो जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications