G20 Summit के लिए IMD ने की खास व्यवस्था, अगले दो दिन कैसा रहेगा राजधानी का मौसम? जानिए यहां
G20 Summit 2023 and Delhi Weather: देश में जी 20 सम्मेलन को लेकर जोर-शोर से तैयारियां की जा रही है, 9 से 10 सितंबर को दिल्ली में जी 20 शिखर सम्मेलन का आयोजन होने जा रहा है, चप्पे-चप्पे पर नजर रखी जा रही है। सुरक्षा की समुचित व्यवस्था की गई है तो वहीं दिल्ली के मौसम पर भी खास नजर है, मौसम विभाग इसको लेकर पूरी तरह से अलर्ट है।

IMD वैज्ञानिक सोमा सेन ने गुरुवार को मीडिया को बताया कि 'IMD 10 सितंबर तक पूरी तरह से अलर्ट मोड पर काम कर रहा है और दस सितंबर तक राजधानी में मौसम का मिजाज क्या रहने वाला है इसके बारे में पल-पल की जानकारी दे रहा है।'
अपना एक अलग वेबपेज भी बनाया
इसलिए उसने अपना एक अलग वेबपेज भी बनाया है। जिस पर दिल्ली के प्रमुख उन 9 स्थानों की, जहां शिखर सम्मेलन के दौरान प्रतिनिधियों के मौजूद होने की उम्मीद है, वहां के पल-पल के मौसम की जानकारी मौजूद होगी।
वेबपेज पर होग पल-पल का सारा अपडेट
उन्होंने कहा कि 'वेबपेज पर आर्द्रता, तापमान, हवा की गति और हवा की दिशा सहित वर्तमान मौसम की स्थिति के बारे में जानकारी होगी, फिलहाल दिल्ली के मौसम में आज से थोड़ी तब्दीली हुई है और आने वाले दो दिनों में यहां पर हल्की बूंदा-बांदी संभव है।'
गर्मी और उमस को झेल रही है दिल्ली
बता दें कि दिल्ली इस वक्त गर्मी और उमस को झेल रही है लेकिन कल की अपेक्षा आज यहां पर मौसम थोड़ा नम है,आईएमडी ने यहां पर अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहने की आशंका को व्यक्त किया है तो वहीं कल-परसों भी मौसम का यही हाल यहां पर रहने वाला है।
बारिश की वजह से यहां के प्रदूषण में सुधार हुआ
फिलहाल पिछले महीने यहां हुई बारिश की वजह से यहां के प्रदूषण में सुधार हुआ है और यहां की हवा पहले से बेहतर हुई है।
यहां पर बारिश की आवाजाही कम होगी
आपको बता दें कि मौसम विभाग ने इससे पहले कहा था कि मानसून अब अपने अंतिम स्टेज में हैं, ऐसे में कुछ स्थानों में ज्यादा और कुछ जगहों पर कम बारिश देखने को मिलेगी लेकिन 15 सितंबर के बाद यहां पर बारिश की आवाजाही कम होगी और मौसम शुष्क हो जाएगा।
एनसीआर में भी मौसम हल्की बारिश वाला ही रहेगा
अगले दो दिनों तक एनसीआर में भी मौसम हल्की बारिश वाला ही रहेगा और यहां के तापमान में कमी आएगी। अगले दो दिनों में नोएडा में न्यूनतम तापमान 24 डिग्री और अधिकतम तापमान 38 डिग्री, गाजियाबाद में न्यूनतम तापमान 28 डिग्री और अधिकतम तापमान 38 डिग्री और गुरुग्राम में न्यूनतम तापमान 24 डिग्री और अधिकतम तापमान 38 डिग्री देखने को मिल सकते हैं।












Click it and Unblock the Notifications