Delhi: साकेत कोर्ट में महिला को मारी गई गोली, वकील की ड्रेस में आया था हमलावर
Delhi की साकेत कोर्ट में शुक्रवार सुबह फायरिंग हुई। जिसमें एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई है।

दिल्ली की साकेत कोर्ट में शुक्रवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब अज्ञात हमलावर ने फायरिंग शुरू कर दी। इस घटना में एक महिला घायल हुई, जिसको तुरंत एम्स में भर्ती करवाया गया। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही। दिल्ली पुलिस की कई टीमें मौके पर मौजूद हैं।
जानकारी के मुताबिक हमलावर वकील की ड्रेस में कोर्ट परिसर में घुसा था। वहां पर उसने एक महिला पर फायरिंग कर दी, जिससे वो गंभीर रूप से घायल हो गई। वहां मौजूद लोगों ने पुलिस की मदद से उसे अस्पताल में भर्ती करवाया।
चश्मदीदों के मुताबिक हमलावर ने कोर्ट परिसर में चार राउंड फायरिंग की। जिसमें महिला को पेट और अन्य हिस्सों में गोली लगी। वहां पर एक SHO की गाड़ी खड़ी थी, उसकी मदद से ही उसे एम्स पहुंचाया गया। डॉक्टरों की एक टीम उसका इलाज कर रही।
हथियार के साथ कैसे अंदर घुसा हमलावर?
दिल्ली की साकेत कोर्ट काफी संवेदनशील है। वहां पर आए दिन बड़े-बड़े अपराधियों की पेशी होती रहती है। जिस वजह से सुरक्षा के कड़े इंतजाम भी रहते हैं। ऐसे में अब सवाल ये उठ रहा कि आखिर हमलावर कोर्ट परिसर में हथियार लेकर कैसे पहुंचा।
पुलिस ने कही ये बात
मामले में डीसीपी साउथ चंदन चौधरी ने कहा कि दिसंबर में एक प्राथमिकी दर्ज की गई थी, जिसमें आज की घटना की पीड़िता आरोपी है। महिला ने उस (शूटर) से दोगुना करने के वादे पर पैसे लिए थे, दोनों मामले को लेकर कोर्ट पहुंचे थे। महिला के खिलाफ धोखाधड़ी के कई अन्य मामले भी दर्ज हैं। आरोपी भी वकालत करता था, इस वजह से वो वकील की ड्रेस में था।
जब रोहिणी कोर्ट में हुई थी फायरिंग
आपको बता दें कि पिछले साल अप्रैल में दिल्ली की रोहिणी कोर्ट में फायरिंग की घटना हुई थी। उस वक्त सुरक्षा जांच को लेकर दिल्ली पुलिस के जवान और वकील भिड़ गए थे। जिसमें दो वकीलों को गोली लगी थी।
सीएम ने उठाए सवाल
वहीं दूसरी ओर इस घटना पर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सवाल उठाए हैं। उन्होंने एलजी और केंद्र पर निशाना साधते हुए कहा कि दिल्ली में कानून व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गयी है। दूसरों के कामों में अड़चन करने और हर बात पर गंदी राजनीति करने की बजाए सबको अपने अपने काम पर ध्यान देना चाहिए।
सीएम ने आगे कहा कि अगर नहीं संभलता तो इस्तीफा दे देना चाहिए ताकि कोई और कर ले। लोगों की सुरक्षा रामभरोसे नहीं छोड़ी जा सकती।












Click it and Unblock the Notifications