दिल्ली के मुंडका में बाइक सवार ने ताबड़तोड़ बरसाई गोली, युवक की मौत
देश की राजधानी में एक बार फिर से सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। शनिवार की रात मुंडका में 22 वर्षीय युवक की बाइक सवारों ने गोली मारकर हत्या कर दी है। दिल्ली पुलिस ने बताया कि हमलावर बाइक से आए थे, उन्होंने पीड़ित पर 6 गोली चलाई। गोली मारने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।
मृतक युवक की पहचान अमित के तौर पर हुई है। वह पिछले दिनों चोरी के आरोप में जेल भी जा चुका है। पुलिस ने कहा कि इस बात की भी आशंका है कि अमित किसी गैंग से जुड़ा हो, हम मामले की जांच कर रहे हैं।

पुलिस ने बताया कि पीड़ित व्यक्ति हाल ही में जमानत से रिहा हुआ था, उसपर लूट का केस चल रहा है। मुंडका में घर के करीब ही बाइक सवार ने गोली मारकर हत्या कर दी। जानकारी के अनुसार अमित लाकरा गोगी गैंग का सदस्य था। जबकि गोली चलाने वाले विरोधी गैंग टिल्लू ताजपुरिया गैंग का था।
हमलावरों ने 6 राउंड गोली चलाई और मौके पर ही अमित लाकरा की मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस पास के सीसीटीवी कैमरे की तलाश कर रही है। हाल के दिनों में दिल्ली में इस तरह की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं। पिछले तीन महीनों में दिल्ली में गोलीबारी की कुल 9 घटनाएं हो चुकी हैं।
इससे पहले 13 सितंबर को एक जिम मालिक की दिल्ली के ग्रेटर कैलाश में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस को संदेह है कि इसमें लॉरेंस बिश्नोई गैंग शामिल है। वहीं 27 सितंबर को नारायणा में भी कार शोरूम में गोलीबारी की घटना सामने आई थी। जबकि 28 सितंबर को नांगलोई में मिठाई की दुकान पर फिरौती के मामले में गोलीबारी की घटना सामने आई थी।
वहीं 26 अक्टूबर को रानी बाग इलाके में गोलीबारी की घटना हुई थी। जबकि 4 नवंबर को प्लाईवुड शोरूम में गोलीबारी की घटना हुई थी, इस मामले में भी गोगी गैंग का नाम सामने आया था। शूटर्स ने 10 करोड़ की फिरौती की मांग की थी। 4 नवंबर को अलीपुर में प्रॉपर्टी डीलर के ऑफिस में शूटिंग की घटना सामने आई थी। 6 नवंबर द्वारका में और पश्चिम विहार में घटना सामने आई थी।












Click it and Unblock the Notifications