सिंघु बॉर्डर पर किसानों के धरना स्थल पर लगी आग, कई टेंट जलकर हो गए राख
नई दिल्ली, जुलाई 11। सिंघु बॉर्डर पर चल रहे किसान आंदोलन में शनिवार की रात उस वक्त हड़कंप मच गया, जब यहां कुछ टेंट के अंदर आग लग गई। किसानों का कहना है कि जब तक आग पर काबू पाया जाता, तब तक कई टेंट जलकर राख हो गए। हालांकि अभी आग की इस घटना की वजह का पता नहीं चल पाया है।

दमकल विभाग की गाड़ियां पहुंचने तक जलकर राख हो गए टेंट
इंडियन एक्सप्रेस की खबर के मुताबिक, एक किसान मंजीत राय ने बताया कि जब वो अपने डेरे पर वापस जा रहा था तो कुछ लोगों ने उन्हें रोका और कहा कि उनके टेंट में आग लग गई है। मंजीत ने बताया कि दमकल विभाग की गाड़ियां 20 मिनट के बाद पहुंची थी, तब तक तो कई टेंट जलकर राख हो गए थए। किसानों ने बताया कि ऐसी गर्मी में आग की घटना के बाद से बहुत सी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
किसानों ने सिलेंडर फटने की कही बात
सोशल मीडिया पर आग की इस घटना के कई वीडियो शेयर किए जा रहे हैं। वीडियोज में धरना स्थल पर लगी आग के विक्राल रूप को देखा जा सकता है। वीडियो में दमकल विभाग की 4 गाड़ियां आग बुझाती हुई भी दिख रही हैं। किसानों का कहना है कि रात 10 बजे के करीब ये आग की घटना घटी थी। कुछ प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि इस दौरान एक सिलेंडर के भी फटने की आवाज सुनाई दी थी। राहत वाली बात ये है कि इस घटना में किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है।












Click it and Unblock the Notifications