फरवरी में ही छूटे पसीने! दिल्ली में 29 डिग्री पहुंचा पारा! जानें UP से लेकर हिमाचल तक मौसम का हाल?
Weather Update:दिल्ली में इस बार फरवरी की शुरुआत से ही गर्मी ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। सोमवार (10 फरवरी) को पीतमपुरा में सबसे ज्यादा तापमान 29.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि रिज, लोधी रोड और पालम में तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहा। दिनभर चिलचिलाती धूप में लोगों को गर्मी का अहसास हुआ।
दिल्ली में तापमान लगातार बढ़ रहा है। सोमवार का दिन इस साल का सबसे गर्म दिन रहा, जब अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4.6 डिग्री अधिक था। इससे पहले 31 जनवरी को अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

सुबह हल्का कोहरा, दिन में तेज धूप
मौसम विभाग के अनुसार, 11 फरवरी, मंगलवार को सुबह हल्का कोहरा रहेगा, लेकिन दोपहर में तेज धूप निकलने से गर्मी का अहसास होगा। रात में स्मॉग भी छाने की संभावना है। अधिकतम तापमान 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है।
हवा की गुणवत्ता बेहद खराब होने की आशंका
दिल्ली-एनसीआर में हवा की गुणवत्ता लगातार गिरती जा रही है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार, मंगलवार से हवा बेहद खराब श्रेणी में पहुंच सकती है। सोमवार को दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 271 दर्ज किया गया, जो खराब श्रेणी में आता है। आनंद विहार, विवेक विहार और सिरी फोर्ट सहित 16 इलाकों में हवा गंभीर स्तर पर रही, जबकि नरेला और आया नगर समेत 14 जगहों पर बेहद खराब श्रेणी में दर्ज की गई।
एनसीआर में भी हालात ज्यादा अच्छे नहीं रहे। फरीदाबाद में AQI 164, गाजियाबाद में 172, नोएडा में 192, ग्रेटर नोएडा में 204 और गुरुग्राम में 230 रहा।
Himachal-Kashmir Weather: उत्तर भारत में बदला मौसम, हिमाचल-कश्मीर में बर्फबारी
उत्तर भारत के कई हिस्सों में मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। दिल्ली और उत्तर प्रदेश में तापमान बढ़ रहा है, जबकि कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में बर्फबारी और बारिश का सिलसिला जारी है। मौसम विभाग के अनुसार, 12 फरवरी तक कश्मीर के कई इलाकों में बारिश हो सकती है। श्रीनगर का तापमान 5.3 डिग्री, पहलगाम -5 डिग्री और कुपवाड़ा -4.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
हिमाचल प्रदेश में भी 12-14 फरवरी तक बारिश और बर्फबारी के आसार हैं। तेज हवाओं के कारण ठंड बढ़ सकती है।
UP Weather Update: यूपी में कोहरा और बारिश की संभावना
उत्तर प्रदेश में भी अगले दो दिन मौसम खराब रहने की संभावना है। पश्चिमी विक्षोभ के कारण 10-12 फरवरी के बीच कई इलाकों में बारिश हो सकती है। हालांकि, पूरे महीने मौसम शुष्क रहने की उम्मीद है। 14 फरवरी को कुछ इलाकों में तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है।
कुल मिलाकर कैसा रहेगा मौसम?
दिल्ली में तापमान फरवरी में ही मार्च जैसी गर्मी का अहसास करा रहा है। हालांकि, उत्तर भारत के पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी जारी है, जिससे कुछ हद तक राहत मिल सकती है। वायु प्रदूषण भी तेजी से बढ़ रहा है, जिससे लोगों को सांस लेने में दिक्कत हो सकती है। ऐसे में मौसम के बदलते मिजाज से बचने के लिए सतर्क रहना जरूरी है।












Click it and Unblock the Notifications