दिल्ली-हरियाणा बॉर्डर से बोले किसान नेता- हमारा अगला मिशन यूपी, BJP को पूरी तरह अलग थलग कर देंगे
नई दिल्ली। पिछले 8 महीनों से भी ज्यादा समय से चला आ रहा किसान आंदोलन अब और मुखर होने जा रहा है। दरअसल, किसान संगठनों के नेताओं ने ऐलान किया है कि वे आगामी विधानसभा चुनाव में केंद्र सरकार व भाजपा के खिलाफ प्रचार करेंगे। इसके लिए किसान संगठनों ने उत्तर प्रदेश को चुना है, जिसे 'मिशन यूपी' कहा जा रहा है। आज किसान नेता प्रेम सिंह भंगू ने सिंघू बॉर्डर पर कहा कि, हमारा अगला पड़ाव उत्तर प्रदेश होगा, जो कि भाजपा का गढ़ है।

Recommended Video
'5 सितंबर से शुरू होगा मिशन यूपी'
दिल्ली-हरियाणा बॉर्डर से किसान नेता भंगू ने कहा कि, हमारा यूपी मिशन 5 सितंबर से शुरू होगा। हजारों किसान उसमें शामिल होंगे। फिर देखिएगा.. हम बीजेपी को पूरी तरह से अलग-थलग कर देंगे। यदि वे (केंद्र सरकार) चाहें तो तीन कृषि कानूनों को निरस्त कर सकते हैं... हमारे पास इन्हें रद्द कराने के अलावा और विकल्प नहीं है। तो सरकार समझ ले..वो इन्हें निरस्त करने की बात करेगी तो हम बातचीत के लिए तैयार हैं।
संसद की तरफ मार्च करेंगे किसान
बताते चलें कि, किसान संगठनों के सैकड़ों प्रदर्शनकारी आज दिल्ली की सीमाओं से निकलकर संसद की ओर मार्च करने जा रहे हैं। बताया गया है कि, 200 किसान संसद की ओर जाएंगे। हालांकि, दिल्ली पुलिस ने किसानों को सीमित संख्या में ही जंतर-मंतर पर धरना की अनुमति दी है।

26 जनवरी के बाद अब विरोध-प्रदर्शन की अनुमति
26 जनवरी को ट्रैक्टर मार्च के दौरान हुई हिंसा के बाद यह पहली बार है, जब पुलिस ने किसानों को दिल्ली में विरोध-प्रदर्शन की अनुमति दी है। हालांकि किसी भी तरह की अनहोनी से बचने के लिए राजधानी में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है।












Click it and Unblock the Notifications