'चुनाव नहीं लड़ेगा संयुक्त मोर्चा, न ही कहीं राजनीति में हिस्सा लेगा', राकेश टिकैत का यूपी पर भी बयान
नई दिल्ली। भारतीय किसान यूनियन के प्रवक्ता राकेश टिकैत का कहना है कि वे चुनाव नहीं लड़ने जा रहे। उन्होंने कहा कि, हम किसान हैं और राजनीति में नहीं उतरेंगे। टिकैत बोले, "हमारा संयुक्त किसान मोर्चा कोई चुनाव नहीं लड़ रहा है और न ही वह राजनीति में शामिल होने जा रहा है।"

चुनाव नहीं लड़ने जा रहा संयुक्त मोर्चा
किसान नेता राकेश टिकैत ने उक्त बयान तब दिया जब आगामी फरवरी में होने वाले पंजाब चुनाव में किसानों के उतरने का सवाल उठा। एक राजनीतिक मोर्चा बनाने वाले किसान संगठनों के संदर्भ में टिकैत ने टिप्पणी की। वहीं, फरवरी में होने वाले उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों पर उनके रुख के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि, वह आदर्श आचार संहिता लागू होने के बाद इस पर बोलेंगे। हालांकि, उन्होंने कहा कि यूपी में किसान किंग मेकर की भूमिका में होंगे।

यूपी में किसान किंग मेकर की भूमिका में होंगे
टिकैत बोले कि, संयुक्त किसान मोर्चा कोई चुनाव नहीं लड़ रहा। कुछ लोग चार महीने की छुट्टी पर गए, अब कोई ताश खेल रहा है, कोई घूम रहा है... हम क्या करें? उन्होंने कहा कि, चार महीने बाद हम देखेंगे कि कौन कहां गया और किसने क्या किया।

राकेश टिकैत बोले- चुनाव नहीं लड़ूंगा मैं
इससे पहले मेरठ में अखिलेश यादव और जयंत चौधरी के साथ पोस्टर लगाए जाने को लेकर भी किसान नेता राकेश टिकैत का बयान आया। राकेश टिकैत ने कहा, 'किसने कहा कि मैं चुनाव लड़ूगा? हम अपनी आगे की रणनीति आने वाले समय में बताएंगे। जिन्होंने पोस्टर में हमारी तस्वीर लगाई, वो हमसे बिना पूछे किया गया। हमने उन्हें कहा है कि हमारे पोस्टर आप हटाओ। हमारे पोस्टर का कोई भी राजनीतिक पार्टी इस्तेमाल ना करे, हम चुनाव नहीं लड़ेंगे।

तिरंगा लिए खड़े थे राकेश टिकैत
बता दें कि, पिछले दिनों मेरठ में एनएच-58 पर अखिलेश यादव और जयंत यादव के साथ राकेश टिकैत के पोस्टर लगा दिए गए। थे हालांकि, पोस्टर सामने आने के बाद भाकियू ने आपत्ति जताई। साथ ही कहा कि इन पोस्टरों से भाकियू का कोई लेना देना नहीं है। दरअसल, मेरठ के एनएच-58 पर लगे पोस्टरों पर लिखा था, 'हार गया अभिमान, जीत गया किसान।' उक्त पोस्टरों में अखिलेश यादव और आरएलडी नेता जयंत चौधरी दिखे और बीच में तिरंगा लिए खड़े राकेश टिकैत थे।












Click it and Unblock the Notifications