दिल्ली: खुले में पेशाब करने से रोकने पर ई-रिक्शा चालक की पीट-पीटकर हत्या
पुलिस के मुताबिक मृतक शख्स की पहचान रविंद्र कुमार के तौर पर हुई है। रविंद्र कुमार ने जीटीबी नगर मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर चार के पास दो युवकों को खुले में पेशाब करने से रोकने की कोशिश की थी।
नई दिल्ली। दिल्ली में 31 वर्षीय एक शख्स की कुछ लोगों ने पीट-पीट कर हत्या कर दी। इस शख्स की पिटाई इसलिए की गई क्योंकि इसने दो लोगों को खुले में पेशाब करने से मना किया था। मृतक शख्स ई-रिक्शा चलाने का काम करता था। पूरी घटना दिल्ली के मुखर्जी नगर इलाके की है।

करीब 20 लड़कों ने ई-रिक्शा चालक पर किया हमला
पुलिस के मुताबिक मृतक शख्स की पहचान रविंद्र कुमार के तौर पर हुई है। रविंद्र कुमार ने जीटीबी नगर मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर चार के पास दो युवकों को खुले में पेशाब करने से रोकने की कोशिश की। रविंद्र ने उनसे सुलभ शौचालय जाने के लिए कहा, जो महज पांच मीटर की दूरी पर ही था। पुलिस के मुताबिक इसी बात को लेकर दोनों युवक रविंद्र से भिड़ गए, हालांकि उस समय तो वो वहा से चले गए लेकिन उन्होंने धमकी दी कि उसे सबक जरूर सिखाएंगे। करीब सात घंटे बाद ये युवक वापस लौटे, इस बार उनके साथ करीब 20 और लोग भी थे। उन्होंने ई-रिक्शा ड्राइवर को पकड़ लिया और उसके साथ मारपीट करने लगे।
इस मामले में डिप्टी पुलिस कमिश्नर (उत्तर पश्चिम) मिलिंद महादेव डुम्बेरे ने बताया कि अभी जांच की प्रक्रिया चल रही है, इसमें कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है। उन्होंने बताया कि शुरूआती जांच में सभी आरोपी दिल्ली विश्वविद्यालय के छात्र लग रहे हैं, हालांकि ये साफ नहीं है कि आखिर वो किस कॉलेज में पढ़ रहे हैं। शुरूआती जांच में पता चला है कि ई-रिक्शा ड्राइवर की मौत अंदरूनी चोटों की वजह से हुई है।












Click it and Unblock the Notifications