₹51 लाख से ₹4 करोड़ तक बकरों की कीमत! Eid से पहले ‘VIP Bakra Market’ के वायरल वीडियो ने उड़ाए लोगों के होश
Eid Bakra Market: ईद-उल-अजहा से पहले देशभर की बकरा मंडियों में इस बार ऐसा नजारा देखने को मिल रहा है, जिसने सोशल मीडिया पर अलग ही हलचल मचा दी है। कहीं ₹51 लाख का बकरा चर्चा में है, तो कहीं एक व्यापारी अपने "स्पेशल बकरे" की कीमत सीधे ₹4 करोड़ बता रहा है।
इन महंगे बकरों के वीडियो इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। कोई अपने बकरे की खास निशानी दिखा रहा है, तो कोई उसके वजन, ऊंचाई और शरीर पर बने प्राकृतिक पैटर्न को उसकी "VIP क्वालिटी" बता रहा है।

सोशल मीडिया पर क्यों वायरल हो रहे हैं ये बकरे?
इस बार बकरों की चर्चा सिर्फ मंडियों तक सीमित नहीं है। इंस्टाग्राम, फेसबुक और यूट्यूब पर कई वीडियो वायरल हो रहे हैं, जिनमें कुछ बकरों को "लक्जरी बकरा" की तरह पेश किया जा रहा है।
एक वीडियो में ₹51 लाख कीमत वाला बकरा दिखाया गया है। वहीं गुजरात के वडोदरा से सामने आए एक अन्य वीडियो में "चांद" नाम के बकरे को ऑटो रिक्शा में घुमाया जा रहा है। उसके मालिक का दावा है कि बकरे के शरीर पर बने प्राकृतिक निशान उसे बेहद खास बनाते हैं, इसलिए उसकी कीमत ₹31 लाख रखी गई है।
सबसे ज्यादा चर्चा उस वीडियो की हो रही है, जिसमें एक व्यापारी अपने बकरे की कीमत ₹4 करोड़ बता रहा है। वीडियो में वह बकरे की बॉडी स्ट्रक्चर, आकार और निशानों को उसकी "दुर्लभ पहचान" बता रहा है।
इस बार इतने महंगे क्यों हो गए बकरे?
बाजार में कीमतें बढ़ने के पीछे कई बड़े कारण बताए जा रहे हैं। All India Jamiatul Quresh के राष्ट्रीय सचिव गुलरेज़ शरीफ कुरैशी के मुताबिक मुंबई के मशहूर देवनार बकरा मंडी में इस साल बकरों की आवक कम हुई है। रिपोर्ट के मुताबिक इस बार रविवार तक करीब 1.27 लाख बकरे मंडी पहुंचे, जबकि पिछले साल इसी समय तक यह संख्या करीब 1.88 लाख थी।
सबसे बड़ा असर हीटवेव का पड़ा है। व्यापारियों का कहना है कि गुजरात और दूसरे राज्यों से आने वाले कई जानवर तेज गर्मी में रास्ते में ही बीमार हो रहे हैं या मर रहे हैं। इससे सप्लाई कम हो गई और दाम तेजी से बढ़ गए। अब कई मंडियों में ₹30 हजार से कम कीमत वाले बकरे मिलना मुश्किल हो गया है। जबकि पहले यही रेंज ₹15 हजार से ₹18 हजार तक रहती थी।
किन नस्लों की सबसे ज्यादा डिमांड?
ईद से पहले मुंबई की देवनार मंडी समेत कई बड़े बाजारों में अलग-अलग राज्यों से खास नस्लों के बकरे पहुंचते हैं।
- पंजाब और हरियाणा के बीटल नस्ल के बकरे बड़े आकार और ज्यादा वजन की वजह से काफी पसंद किए जाते हैं।
- राजस्थान के सिरोही बकरे मजबूत शरीर और तेजी से बढ़ने की क्षमता के लिए मशहूर हैं।
- गुजरात की अजमेरी और गुजरी नस्ल भी इस बार सबसे ज्यादा मांग में बताई जा रही हैं।
व्यापारियों का कहना है कि सोशल मीडिया ने भी इन "प्रीमियम बकरों" की कीमतें बढ़ाने में बड़ी भूमिका निभाई है। जितना ज्यादा वीडियो वायरल होता है, उतनी ज्यादा चर्चा और कीमत बढ़ जाती है।
धार्मिक त्योहार या स्टेटस सिंबल?
इस बार बकरा मंडियों में सिर्फ खरीदारी नहीं, बल्कि "स्टेटस शो" जैसा माहौल भी देखने को मिल रहा है। कई लोग खास नस्ल, भारी वजन और अनोखे निशानों वाले बकरों को सोशल मीडिया स्टार की तरह पेश कर रहे हैं। यही वजह है कि करोड़ों रुपये तक की कीमत वाले दावे अब लोगों को हैरान भी कर रहे हैं और आकर्षित भी।
हालांकि बाजार के जानकार मानते हैं कि इतने बड़े दाम हर सौदे में सच नहीं होते, लेकिन वायरल मार्केटिंग की वजह से ऐसे वीडियो तेजी से चर्चा बटोरते हैं। ईद से पहले बकरा बाजार में इस बार सिर्फ धार्मिक तैयारी नहीं, बल्कि "लक्जरी और वायरल ट्रेंड" का भी नया रंग दिखाई दे रहा है।














Click it and Unblock the Notifications