संवैधानिक पद पर होते हुए भी विपक्ष की भूमिका आपको..शुक्रगुजार हूं...दिल्ली सीएम ने एलजी पर किया पलटवार
लोकसभा चुनाव से पहले दिल्ली सरकार और उपराज्यपाल (एलजी) के बीच चल रही तल्खी और बढ़ चुकी है। उपराज्यपाल और दिल्ली की आम आदमी पार्टी की सरकार के बीच जमकर वाक-युद्ध शुरू हो चुका है। दिल्ली के एलजी विनय कुमार सक्सेना ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर गंदगी और खस्ताहाल सड़कों के फोटो शेयर करते हुए दिल्ली की दिल्ली सरकार पर निशाना साधा। जिस पर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने पलटवार करते हुए जवाब दिया है।

बता दें पहले दिल्ली एलजी ने मंगलवार को सोशल मीडिया पर कुछ फोटो शेयर करते हुए लिखा था
स्थानीय निवासियों के अनुरोध पर कल संगम विहार गया था। नौ साल के शिगूफों के बावजूद इलाके में रह रहे 20 लाख से ज्यादा लोग मूलभूत जनसुविधाओं से वंचित, नारकीय जीवन जीने को मजबूर हैं। न सड़कें हैं, न सीवर, न कूड़े की सफाई'।
दिल्ली एलजी की इस पोस्ट का दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर एब लंबी सी पोस्ट लिखकर दिया है। सीएम केजरीवाल ने हिंदी में पोस्ट लिखी, इस पोस्ट में उन्होंने लिखा
"मैं आपका शुक्रगुज़ार हूं कि आपने हमारी कमियां बताई। इसके पहले आपने किराड़ी और बुराडी की कमियों को भी उजागर किया था। मैं अभी मुख्य सचिव को आदेश दे रहा हूं कि वो सात दिन के अंदर इन सभी इलाक़ों की इन सभी कमियों को दूर करे।"
इसके साथ ही उपराज्यपाल पर वार करते हुए मुख्यमंत्री केजरीवाल ने कहा
जो काम आप कर रहे हैं, वो काम विपक्ष को करना चाहिए था। सत्ता पक्ष की कमियां निकालना विपक्ष का काम है। दुर्भाग्यवश, आज विपक्ष यानि बीजेपी के सातों सांसद राजनीति से सन्यास लेने में व्यस्त हैं और सातों विधायक गहरी निद्रा में सोये हैं। यही कारण है कि दिल्ली की सत्ता पिछले 26 साल से बीजेपी से दूर है। इसलिए, मज़बूरीवश, उपराज्यपाल के संवैधानिक पद पर होते हुए भी विपक्ष की भूमिका आपको निभानी पड़ रही है।
मुख्यमंत्री केजरीवाल ने आगे लिखा "जो कमियां आपने बताई उन पर जिन अधिकारियों को ये काम करना था और उन्होंने नहीं किया, उनके ख़िलाफ़ सख़्त से सख़्त एक्शन होना चाहिए।"
सीएम ने कहा "ये सभी क्षेत्र सर्विस और विजलेंस आपके अधिकार क्षेत्र में आता है। अगर ये मेरे अंडर होता तो मैं ना केवल ऐसे लापरवाह अफसरों को तुरंत सस्पेंड करता बल्कि उनके ख़िलाफ़ ऐसा एक्शन लेता कि फिर कोई अधिकारी ऐसी कौताही करने की हिम्मत ना करता। उन्होंने कहा मैं उम्मीद करता हूं कि आप इन विभागों के सबसे सीनियर अधिकारियों को तुरंत सस्पेंड करेंगे और उन्हें exemplary सज़ा देंगे। 2 करोड़ दिल्लीवासी आपके एक्शन का इंतज़ार करेंगे।"












Click it and Unblock the Notifications