Delhi News: दिल्ली में डेंगू की रफ्तार तेज, एक हफ्ते में सामने आए 56 मामले, मलेरिया से भी लोग बेहद परेशान
Delhi Dengue Case: दिल्ली में मानसून के शुरू होते ही डेंगू का भी कहर शुरू हो जाता है। राष्ट्रीय राजधानी में डेंगू की रफ्तार तेज हो गई है। दिल्ली में पिछले हफ्ते डेंगू के 56 मामले दर्ज किए गए। डेंगू धीरे-धीरे दिल्ली को अपनी चपेट में ले रहा है।
चिंता की बात है कि बरसाती मौसम में मलेरिया के भी मामले सामने आ जाते हैं। पिछले हफ्ते मलेरिया के भी 11 मामले दर्ज किए गए। मच्छर जनित बीमारी का प्रसार बढ़ गया है।

वहीं, दूसरी तरफ अच्छी बात ये है कि दिल्ली में लगातार तीसरे हफ्ते चिकनगुनिया का एक भी मामला सामने नहीं आया। दिल्ली नगर निगम ने जानकारी देते हुए कहा कि राष्ट्रीय राजधानी में डेंगू और मलेरिया के मामले में बढ़ोतरी हुई है। चिकनगुनिया के एक भी मामले सामने नहीं आए हैं।
दिल्ली नगर निगम ने बताया कि इस हफ्ते डेंगू के मामले दोगुना हो गए हैं। पिछले साप्ताह डेंगू के 24 मामले दर्ज किए गए थे। 56 नए मामलों के साथ 28 जुलाई तक डेंगू की कुल संख्या अब 243 हो गई है। डेंगू के मामलों की मौजूदा संख्या पिछले छह वर्षों में सबसे अधिक है।
1 जनवरी से 28 जुलाई 2023 के बीच रिपोर्ट किए गए 243 डेंगू मामलों की तुलना में, शहर में 2022 में इसी अवधि में 169 मामले, 2021 में 52 मामले, 2020 में 31 मामले, 2019 में 40 मामले और 2018 में 56 मामले दर्ज किए गए थे।
एमसीडी के एक अधिकारी ने कहा कि पिछले महीने शहर के कुछ हिस्सों में बाढ़ और जलभराव का सामना करने के अलावा, मामलों में वृद्धि का श्रेय पिछले साल इसे उल्लेखनीय बीमारी घोषित किए जाने को भी दिया जा सकता है, जिसके कारण स्वास्थ्य संस्थानों से बेहतर रिपोर्टिंग हुई।
दिल्ली सरकार के स्वास्थ्य विभाग ने डेंगू वायरस की जीनोम सीक्वेंसिंग की थी और पाया कि 20 में से 19 नमूने टाइप 2 डेंगू के थे, जो अधिक खतरनाक माना जाता है।












Click it and Unblock the Notifications