Delhi Weather: अभी नहीं कम हो रही ठंड, मौसम विभाग ने तेज बारिश की जताई संभावना
नई दिल्ली, 19 फरवरी: राष्ट्रीय राजधानी में अब सर्दी का असर कम होता जा रहा है। इसी के साथ अब दिन में थोड़ी गर्मी महसूस होने लगी है, शुक्रवार को अधिकतम तापमान सामान्य से चार डिग्री अधिक दर्ज किया गया। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 28.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है। इसके बाद अगले दिन यानी शनिवार तड़के न्यूनतम तापमान 10.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। ऐसे में लोगों को लग रहा है कि ठंड धीरे-धीरे जा रहा है, लेकिन इस बीच मौसम विभाग से मिले नए अपडेट के मुताबिक दिल्ली में अभी ठंड कम नहीं होने वाली है।

शुक्रवार को पारे में दर्ज की बढ़ोतरी के बाद शनिवार को अधिकतम तापमान 28 डिग्री रहने की संभावना है, और दिन में मौसम विभाग (आईएमडी) के पूर्वानुमान के तहत तेज हवाएं चल रही हैं। आईएमडी ने बताया कि सुबह साढ़े आठ बजे सापेक्षिक आर्द्रता 90 प्रतिशत दर्ज की गई। वहीं आगामी हफ्ते के लिए आईएमडी ने 25 फरवरी को गरज के साथ बारिश होने की संभावना जताई है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 25 फरवरी को दिल्ली में बारिश या गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना जताई है। ऐसे में एक तरफ जहां दिल्ली- एनसीआर में ठंड खत्म होने के साथ-साथ अब मौसम सामान्य होने लगा है। वहीं दूसरी तरफ मौसम विभाग की बारिश की संभावना के बाद लगता है कि ठंड अभी रहने वाली हैं।
इससे पहले दिल्ली में आईएमडी ने कहा था कि 19-20 फरवरी को तेज हवाएं चल सकती हैं। हालांकि दिन में धूप खिली रहेगी। इस बीच केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार शुक्रवार को एक्यूआई 252 दर्ज किया गया, जो 'खराब' श्रेणी में था। वहीं शनिवार और रविवार को हवा की गुणवत्ता 'मध्यम' श्रेणी में रहने की संभावना जताई गई है।












Click it and Unblock the Notifications