Delhi Rain: जब दिल्ली का तापमान पहुंचा 52°C पार, इंद्र देव हुए मेहरबान, बारिश से दी राहत की सांस
Delhi Rain: मई का महीने जाते-जाते अपने ताप से लोगों को तड़पा रहा है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली आग का गोला बनी हुई है। बुधवार को दिल्ली में देश का अब तक का सर्वाधिक तापमान 52.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया। सुबह से दोपहर तक लोगों का हाल लू के थपेड़ों से बेहाल रहा। मानों जैसे कोई तमाचे लगा रहा हो।
गर्मी अपने प्रचंड रूप में कहर बरसा रही थी। तभी इंद्र देव की कृपा दिल्लीवासियों पर हुई। करीब शाम 5 बजे तक मौसम ने करवट ली और बारिश की बूंदों ने इस तपती धरती की प्यास बुझा दी। लगभग 30 मिनट की बारिश ने दिल्लीवासियों को राहत की सांस दी। हालांकि, बारिश के बंद होने के बाद पवन देव की एंट्री हुई और ठंडी बयार ने लोगों को मई में जुलाई का एहसास करा दिया।

दिल्ली भीषण गर्मी की चपेट में
पिछले कुछ दिनों से दिल्ली भीषण गर्मी की चपेट में है। अधिकतम तापमान 50 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है, जबकि न्यूनतम तापमान 30 डिग्री के करीब पहुंच रहा है।
मौसम विभाग ने पहले ही राष्ट्रीय राजधानी के अधिकांश हिस्सों में भीषण गर्मी की चेतावनी दी थी। भारतीय मौसम विभाग ने आज के लिए अधिकतम तापमान 45.8 डिग्री रहने का अनुमान लगाया है। हालांकि, आज दोपहर 2.30 बजे दिल्ली के मुंगेशपुर स्थित मौसम केंद्र ने 52.3 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया, जो भारत के किसी भी हिस्से में अब तक का सबसे अधिक तापमान है।
पानी का संकट
दिल्लीवासियों की समस्याओं में पानी का संकट भी शामिल है। दिल्ली की मंत्री आतिशी ने कहा है कि हरियाणा सरकार राष्ट्रीय राजधानी को यमुना का उसका हिस्सा नहीं दे रही है और इस वजह से कुछ इलाकों में पानी का संकट पैदा हो गया है। आप सरकार ने आज दिल्ली जल बोर्ड को पानी की बर्बादी पर नजर रखने और उसे कम करने के लिए 200 टीमें बनाने का निर्देश दिया है। होज पाइप से कार धोने, टैंकों के ओवरफ्लो होने और पीने के पानी का व्यावसायिक इस्तेमाल करने पर अब 2,000 रुपये का जुर्माना लगेगा।












Click it and Unblock the Notifications