Delhi Weather: भट्ठी बनी राजधानी, 16 सालों में 27 जून रहा सबसे गर्म, पारा पहुंचा 41 डिग्री, कब मिलेगी राहत?
Delhi Weather: देश की राजधानी दिल्ली इस वक्त भट्ठी की तरह धधक रही है, मानसून की सुस्ती और लगातार बढ़ती उमस ने आम जनजीवन को पूरी तरह बेहाल कर दिया है। जून के आखिरी हफ्तों में जहां अमूमन दिल्लीवासियों को गर्मी से राहत मिल जाती थी, वहीं इस बार राष्ट्रीय राजधानी किसी तंदूर की तरह तप रही है। शनिवार को दिल्ली का तापमान भले ही लगभग 41 डिग्री सेल्सियस रहा, लेकिन हवा में मौजूद भारी नमी के कारण लोगों को 51 डिग्री जैसी असहनीय तपिश का अहसास हुआ।
मालूम हो कि शनिवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान 41.3 और न्यूनतम तापमान 30.3 डिग्री दर्ज हुआ। दिल्ली में अधिकतम आर्द्रता 63 प्रतिशत और न्यूनतम आर्द्रता 37 प्रतिशत रही। आम तौर पर लोग यह समझते हैं कि थर्मामीटर पर जो तापमान दिख रहा है, उन्हें वैसी ही गर्मी महसूस होगी।

मौसम विज्ञान में इसे 'फील लाइक टेंपरेचर' यानी महसूस होने वाला तापमान कहा जाता है। यह स्थिति तब बनती है जब वातावरण में तापमान के साथ-साथ नमी का स्तर भी बहुत अधिक हो जाता है। हवा की थमी हुई रफ्तार इस बेहद गर्म माहौल को और भी अधिक दमघोटू बना देती है।
भीषण गर्मी और तपिश से परेशान दिल्लीवाले
शनिवार की दोपहर ढाई बजे दिल्ली की मानक सफदरजंग वेधशाला में वास्तविक तापमान 40 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था। इस दौरान हवा में नमी का स्तर 45 फीसदी दर्ज हुआ और हवा की रफ्तार महज 3.7 किलोमीटर प्रति घंटा थी। इन तीनों कारकों के संयुक्त प्रभाव के कारण इंसानी शरीर ने 51.3 डिग्री सेल्सियस के स्तर वाली भीषण गर्मी और तपिश को महसूस किया।
हवाओं की गति बेहद सुस्त, उमस ने किया तंग
रात के समय भी इस उमस और अत्यधिक गर्मी से लोगों को कोई राहत मिलती नहीं दिखी। शनिवार की देर शाम साढ़े आठ बजे के आसपास वास्तविक तापमान गिरकर 36.6 डिग्री सेल्सियस पर आ गया था। इसके बावजूद हवा में नमी का स्तर बढ़कर 57 फीसदी पर पहुंच जाने और हवाओं की गति बेहद सुस्त रहने से महसूस होने वाली गर्मी यानी रियल फील 51 डिग्री डिग्री सेल्सियस आंका गया।
16 साल में सबसे गर्म रहा मानसून आगमन का दिन
आमतौर पर दिल्ली में मानसून के आने की आधिकारिक तारीख 27 जून होती है, लेकिन इस बार इसके आगमन में करीब एक हफ्ते से अधिक की देरी की संभावना है। पिछले 16 वर्षों के इतिहास में इस वर्ष का 27 जून सबसे गर्म दिन के रूप में दर्ज किया गया । हालांकि आज मौसम विभाग ने यहां पर हल्की बारिश की आशंका को व्यक्त किया है।
आज हल्की बारिश की आशंका, जल्द मिलेगी उमस से राहत
मौसम विभाग के ताजा अनुमान के मुताबिक रविवार और उसके बाद आगामी दिनों में तेज आंधी और बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। विभाग ने मंगलवार और बुधवार के लिए दिल्ली-एनसीआर में धूलभरी आंधी और तेज हवाओं के साथ बारिश होने का येलो अलर्ट जारी किया है। इससे पारे में भारी गिरावट आने की संभावना है।
धूलभरी आंधी चलने के साथ बादलों की आवाजाही बढ़ेगी
इस दौरान दिल्ली का अधिकतम तापमान 39 से 41 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 से 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है। धूलभरी आंधी चलने के साथ बादलों की आवाजाही बढ़ेगी, जिससे सीधे पड़ने वाली तेज धूप से लोगों को काफी राहत मिलेगी। हालांकि, जब तक मानसून की पहली फुहारें पूरी तरह से राजधानी को तर नहीं कर देतीं, तब तक उमस का असर पूरी तरह खत्म नहीं होगा।














Click it and Unblock the Notifications