Delhi Water Supply: दिल्ली में 52 लाख लोगों को 24 घंटे मिलेगा नल से जल, 6000 करोड़ की इस योजना ने बदली तस्वीर
Delhi Water Supply: दिल्ली सरकार राजधानी में पानी की समस्या को इतिहास बनाने की तैयारी में है। 52 लाख से ज्यादा लोगों को 24 घंटे पीने का साफ पानी देने के लिए सरकार 6121 करोड़ रुपये की लागत से एक विशाल वॉटर सप्लाई प्रोजेक्ट पर काम कर रही है। इस योजना के तहत राजधानी में 2741 किलोमीटर लंबी नई पाइपलाइन बिछाई जाएगी और 35 अत्याधुनिक अंडरग्राउंड रिजर्वायर बनाए जाएंगे, ताकि पानी की स्टोरेज और सप्लाई दोनों मजबूत हो सके।
इस परियोजना से दिल्ली के कई ऐसे इलाके जुड़ेंगे जहां आज भी पानी की सप्लाई सीमित समय के लिए होती है या लोग टैंकरों पर निर्भर रहते हैं। सरकार का दावा है कि यह सिस्टम लागू होते ही दिल्ली को 24x7 पानी सप्लाई के नए युग में ले जाएगा।

कहां से आएगा पानी और कैसे पहुंचेगा घरों तक
इस पूरी योजना का आधार दो बड़े वॉटर कमांड एरिया हैं - चंद्रावल और वजीराबाद। चंद्रावल इलाके से 22 मीटर के दबाव पर पानी सप्लाई किया जाएगा जबकि वजीराबाद क्षेत्र से 17 मीटर दबाव पर पानी घरों तक पहुंचेगा। पानी को पहले ट्रीटमेंट प्लांट में साफ किया जाएगा और फिर उसे अंडरग्राउंड रिजर्वायर में स्टोर कर पाइपलाइन के जरिए सप्लाई किया जाएगा। इससे न केवल पानी की गुणवत्ता बेहतर होगी बल्कि सप्लाई भी बिना रुकावट जारी रहेगी।
चंद्रावल प्लांट पर बड़ा निवेश
जल मंत्री प्रवेश साहिब सिंह के मुताबिक चंद्रावल ट्रीटमेंट प्लांट से अभी 96 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र और 9 विधानसभा क्षेत्रों में पानी पहुंचाया जाता है। इस प्लांट की मौजूदा क्षमता 95 एमजीडी है, जिसे 24 घंटे सप्लाई के लिए और बढ़ाया जाएगा। सरकार ने इसके लिए नवंबर में ही काम का ठेका दे दिया है।
इस प्रोजेक्ट के तहत चंद्रावल प्लांट से जुड़ी 1044 किलोमीटर लंबी नई पाइपलाइन बिछेगी और 21 नए अंडरग्राउंड रिजर्वायर बनाए जाएंगे। इस हिस्से पर ही सरकार करीब 2406 करोड़ रुपये खर्च कर रही है।
वजीराबाद इलाके में एडीबी करेगा फंडिंग
वजीराबाद वॉटर कमांड एरिया में बनने वाले वॉटर इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए एशियन डेवलपमेंट बैंक को चुना गया है। एडीबी इस पूरे सिस्टम के लिए फंडिंग करेगा, जिससे इंटरनेशनल स्टैंडर्ड का इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार किया जा सकेगा। इसका मतलब है कि पाइपलाइन से लेकर स्टोरेज और सप्लाई सिस्टम तक सब कुछ आधुनिक तकनीक पर आधारित होगा।
दिल्ली वालों को क्या फायदा होगा
इस परियोजना के पूरा होते ही दिल्ली के लाखों परिवारों को दिन में कुछ घंटों की जगह पूरे 24 घंटे साफ पानी मिलेगा। टैंकर माफिया पर निर्भरता खत्म होगी और पानी के लिए होने वाली रोजमर्रा की जद्दोजहद से राहत मिलेगी। साथ ही पानी का प्रेशर तय होने से ऊंची इमारतों तक भी बराबर सप्लाई हो सकेगी।
सरकार का कहना है कि यह योजना सिर्फ पानी देने की नहीं बल्कि दिल्ली की लाइफस्टाइल बदलने की तैयारी है। जब घरों में हर समय पानी उपलब्ध होगा तो सफाई, स्वास्थ्य और जीवन स्तर तीनों में बड़ा सुधार दिखेगा।
दिल्ली का यह 6000 करोड़ रुपये का मेगा प्रोजेक्ट राजधानी को उन शहरों की कतार में खड़ा कर देगा जहां 24 घंटे नल से पानी मिलना सामान्य बात है। अब पानी के लिए जद्दोजहद नहीं, सिर्फ नल खोलने की जरूरत होगी।












Click it and Unblock the Notifications