Delhi Water Crisis: 'बाल्टी लेकर पहुंचे, दिल्ली पुलिस बांट रही पानी', वाटर कैनन के इस्तेमाल पर तंज
Delhi Water Crisis: 2024 में देश की राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली पानी की कमी से जूझ रही है। जल निकासी और पुनर्भरण की कमी के कारण भूजल स्तर लगातार गिर रहा है। जनवरी के बाद से लगातार यमुना नदी का भी जल स्तर सामान्य से काफी नीचे चला गया है।
ऊपर से, दिल्ली के पास अपना कोई जल स्रोत नहीं है। पानी के लिए यह पड़ोसी राज्यों पर निर्भर है। ऐसे में हरियाणा से रोज 100 मिलियन गैलन पानी दिए जाने की मांग उठी है।

इस सबके बीच, शनिवार को बीजेपी कार्यकर्ताओं ने दिल्ली में आप सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। अहम बात यह रही कि पुलिस ने प्रदर्शकारियों को तितर-बितर करने के लिए पानी की बौछार का इस्तेमाल किया गया। यह ऐसे वक्त हुआ, जब दिल्ली पानी की बूंद-बूंद को तरस रही है। मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आते ही यूजर्स ने स्थिति की विडंबना की ओर ध्यान खींचा है।
बीजेपी नेता रमेश बिधूड़ी के नेतृत्व में प्रदर्शनकारी ओखला में दिल्ली जल बोर्ड (डीजेबी) कार्यालय के बाहर एकत्र हुए और आप सरकार के खिलाफ नारे लगाए। प्रदर्शनकारियों टस से मस नहीं हुए तो, पुलिस ने उन पर पानी की बौछारें छोड़ीं। इस घटना के वीडियो को लेकर इंटरनेट पर तीखी प्रतिक्रिया हुई।
'दिल्ली पुलिस पानी बांट रही'
- एक सोशल मीडिया यूजर ने लिखा कि यह विरोध प्रदर्शन दिल्ली सरकार के 'जल बोर्ड' के खिलाफ है और पुलिस 'वॉटर कैनन' का इस्तेमाल कर रही है। आगे कहा कि भारत नौसिखियों के लिए नहीं है!
- वहीं, कई यूजर्स ने पानी की कमी पर विरोध को खत्म करने के लिए पानी का उपयोग करने के पीछे के 'तर्क' पर सवाल उठाया। इस बीच, एक व्यक्ति ने मजाक में कहा कि प्रिय दिल्लीवासियों, अगर आप पानी की आपूर्ति के खिलाफ प्रदर्शन करने जा रहे हैं, तो कृपया अपने साथ बाल्टी लेकर जाएं, दिल्ली पुलिस प्रदर्शनकारियों को पानी बांट रही है।
- एक अन्य ने लिखा कि पुलिस ने जल संकट के लिए प्रदर्शन कर रहे दिल्ली के लोगों पर वाटर कैनन का इस्तेमाल किया, वे अपनी बाल्टी लेने चले गए। आधुनिक समस्या, आधुनिक समाधान।












Click it and Unblock the Notifications