Delhi Today: वक्फ कानून पर जमीयत उलेमा-ए-हिंद की बड़ी बैठक, जानें दिल्ली में आज क्या-क्या है खास?
Delhi Today: केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार द्वारा लाए गए वक्फ कानून को लेकर प्रमुख मुस्लिम संगठन जमीयत उलेमा-ए-हिंद आज 13 अप्रैल को दिल्ली में बड़ी बैठक कर रहे हैं। इस बैठक में वक्फ कानून के विरोध में आगे क्या कुछ करना है..इसकी चर्चा की जा सकती है। वक्फ कानून 8 अप्रैल 2025 से लागू किया जा चुका है।
इससे पहले जमीयत उलमा-ए-हिंद (महमूद मदनी गुट) के अध्यक्ष मौलाना सैयद महमूद असद मदनी ने वक्फ (संशोधन) अधिनियम 2025 के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की है। उन्होंने कानून की संवैधानिकता को चुनौती दी है। ऐसे में दिल्ली में हो रही जमीयत उलेमा-ए-हिंद की बैठक अहम है।

जमीयत ने याचिका में कहा है कि इस वक्फ कानून में भारत के संविधान के कई अनुच्छेदों, खासकर 14, 15, 21, 25, 26, 29 और 300-ए के तहत प्रदत्त मौलिक अधिकारों का घोर उल्लंघन किया गया है। ये कानून मुसलमानों के धार्मिक और सांस्कृतिक अधिकारों और पहचान के लिए गंभीर खतरा है।
🔴 PM मोदी को भेजेंगे वक्फ कानून के खिलाफ एक करोड़ लोगों के हस्ताक्षरित प्रस्ताव
जमीयत उलेमा-ए-हिंद ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को वक्फ कानून के खिलाफ एक करोड़ लोगों द्वारा हस्ताक्षरित प्रस्ताव भेजने की कसम खाई है। कोलकाता के रामलीला मैदान में एक विशाल सभा में जमीयत के बंगाल चैप्टर ने अपने प्रमुख और ममता सरकार में मंत्री सिद्दीकुल्ला चौधरी के नेतृत्व में प्रधानमंत्री से इस कानून को तुरंत निरस्त करने का आग्रह किया।
जमीयत ने वक्फ कानून के खिलाफ कानूनी लड़ाई लड़ने के लिए क्राउडफंडिंग अभियान की भी घोषणा की। सुप्रीम कोर्ट अगले हफ्ते कई याचिकाओं पर सुनवाई करने वाला है। कानून के खिलाफ हस्ताक्षर स्वयंसेवक बंगाल के विभिन्न जिलों में जाकर एकत्र करेंगे। सिद्दीकुल्ला ने कहा कि इस तरह के सामूहिक आंदोलन के कारण पहले भी सरकारों ने कानून वापस लिए हैं।
🔴 दिल्ली में हाफ मैराथन का आयोजन करेगा DDA
दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA) आज यानी 13 अप्रैल को हाफ-मैराथन का आयोजन कर रहा है। सराय काले खां के सामने बांसरा पार्क में शुरू होने वाले इस कार्यक्रम में 20,000 प्रतिभागियों के साथ-साथ 5,000 अतिथि प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं। इस हाफ मैराथन में तीन अलग-अलग दौड़ शामिल हैं, पहला- 18 वर्ष और उससे अधिक आयु के प्रतिभागियों के लिए हाफ-मैराथन, दूसरा- 14-17 वर्ष की आयु के लोगों के लिए 10 किलोमीटर की दौड़ और तीसरा 10 से 13 वर्ष की आयु के बच्चों के लिए 5 किलोमीटर की दौड़।
प्राधिकरण ने एक अनुभवी इवेंट मैनेजमेंट फर्म को इसके लिए नियुक्त किया है, जो प्रतिभागियों के पंजीकरण को संभालने और सभी लॉजिस्टिक्स को समन्वित करने तक के संचालन की देखरेख कर रही है। इस आयोजन को आयोजित करने की अनुमानित लागत 3 करोड़ रुपये है।
🔴 CM रेखा गुप्ता बोलीं- दिल्ली सरकार नई आबकारी नीति लाएगी
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा है कि दिल्ली की भाजपा सरकार राजस्व बढ़ाने के लिए अन्य राज्यों की तरह एक नई "पूर्ण" आबकारी नीति लाएगी। पीटीआई को दिए इंटरव्यू में रेखा गुप्ता ने कहा कि ये नीति पारदर्शी होगी और यह सुनिश्चित करने के लिए तैयार की जाएगी कि यह समाज में कोई समस्या पैदा न करे। रेखा गुप्ता ने कहा, ''हम एक नई, पूर्ण नीति लाएंगे जो पारदर्शी हो और सरकार के लिए राजस्व लेकर आए।''
भाजपा इस साल फरवरी में आम आदमी पार्टी को हराकर दिल्ली में सत्ता में आई थी। पिछली आप सरकार द्वारा लाई गई आबकारी नीति 2021-22 में कथित अनियमितताएं और भ्रष्टाचार भाजपा के प्रमुख चुनावी मुद्दों में से एक था। आरोप सामने आने के बाद इस नीति को रद्द कर दिया गया था।












Click it and Unblock the Notifications