संगम विहार में सरेआम गैंगवॉर से दहली दिल्ली, मनीष सिसोदिया ने बीजेपी को घेरा
New Delhi: राजधानी दिल्ली में अपराध थमने का नाम नहीं ले रहा है। लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं से लोग दहशत में हैं। साथ ही लोगों में गुस्सा भी है। अपराधियों के बुलंद हौसले के आगे पुलिस पस्त नजर आ रही है। दिल्ली के संगम विहार इलाके से दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। इस घटना में तीन लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिनको इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
सूत्रों के मुताबिक, यह खूनी खेल करीब एक घंटे तक चलता रहा और नासिर नाम के युवक को गोली मार दी गई। पीड़ित की गर्दन में गोली लगी है। पुलिस ने मामले में आरोपी साहिल और राहुल को गिरफ्तार कर लिया है।

बता दें कि इस वारदात के दौरान आरोपी जब नासिर के दूसरे साथी को मारने जा रहे थे, तो नासिर के परिवार के लोगों ने दोनों हमलावरों को घेर लिया। परिजन और दूसरे लोगों ने हमलावर साहिल और राहुल की पिस्टल छीन और उसकी जमकर पिटाई कर दी। मौके पर मौजूद लोगों ने साहिल को अधमरा कर दिया। साथ ही राहुल को भी चोटें आई हैं। फिलहाल सभी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। नासिर और साहिल की हालत नाजुक है और दोनों आईसीयू में भर्ती हैं।
आप नेता मनीष सिसोदिया ने केंद्र पर बोला हमला
वहीं, इस घटना को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। आम आदमी पार्टी के नेता मनीष सिसोदिया ने दिल्ली की कानून व्यवस्था को लेकर बीजेपी पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में संगम विहार इलाक़े में बीती रात एक घंटे तक खुलकर गोलियां चलती रहीं। पूरे इलाक़े में गैंगवार का खूनी खेल चला। आज देश की राजधानी में लगभग रोज़ाना खुलेआम गोलियाँ चल रहीं हैं। कानून व्यवस्था बुरी तरह बिगड़ चुकी है।
सिसोदिया ने आगे कहा, प्रधानमंत्री जी भी जानते हैं कि दिल्ली की क़ानून व्यवस्था का कितना बुरा हाल है। इसीलिए अपने दोनों चुनावी भाषणों में उन्होंने एक बार भी दिल्ली की क़ानून व्यवस्था का ज़िक्र नहीं किया। उन्होंने एक बार भी नहीं बताया कि बीजेपी सरकार ने दिल्ली में कानून व्यवस्था सुधारने के लिए क्या किया। जबकि बीजेपी को दिल्ली के लोगों ने एक ही काम दिया था- कानून व्यवस्था ठीक करने का।












Click it and Unblock the Notifications