दिल्ली दंगा: IB ऑफिसर अंकित शर्मा की हत्या का आरोपी तेलंगाना से गिरफ्तार, डिटेल देखिए
दिल्ली दंगा 2020: आईबी अधिकारी अंकित शर्मा की हत्या के एक आरोपी को दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने तेलंगाना से गिरफ्तार किया है। पुलिस अधिकारियों ने बुधवार को जानकारी दी है कि यह गिरफ्तारी 2020 के नॉर्थईस्ट दिल्ली दंगों के दौरान हुई 34 साल के आईबी अधिकारी की हत्या के सिलसिले में की गई है। उन्होंने बताया कि मुंजताजिम उर्फ मुसा कुरैशी दिल्ली के चांद बाग इलाके का रहने वाला है, जिसे स्पेशल सेल ने सोमवार को ही तेलंगाना के मीरपेट के गायत्री नगर से गिरफ्तार किया था।

चांद बाग पुलिस के पास बेरहमी से हुई थी अंकित शर्मा की हत्या
दिल्ली पुलिस के मुताबिक इंटेलीजेंस ब्यूरो के ऑफिसर अंकित शर्मा की 25 फरवरी, 2020 को उत्तर-पूर्वी दिल्ली के मेन करावल नगर इलाके में चांद बाग पुलिया, खजूरी नाला पर भीड़ द्वारा बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। आरोपियों ने अंकित के शव को चांद बाग नाले में फेंक दिया था, जो अगले दिन बरामद किया गया था। स्पेशल सेल के डीसीपी पीएस कुशवाह ने कहा कि जांच के दौरान आम आदमी पार्टी के सीटिंग काउंसलर ताहिर हुसैन समेत 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। पोस्ट-मॉर्टम रिपोर्ट के मुताबिक अंकित पर धारदार हथियारों से 52 बार हमला किया गया था।
पिछले 6 महीनों से तेलंगाना में रह रहा था मुसा कुरैशी
जांच के दौरान और सह-आरोपियों से पूछताछ में पाया गया कि कुरैशी भी उस हिंसक भीड़ में सक्रिय तौर पर शामिल था। मुसा कुरैशी 2020 के फरवरी से ही फरार था, इसलिए दिल्ली की अदालत ने उसे फरार अपराधी घोषित कर रखा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए जानकारी देने वालों को दिल्ली पुलिस ने 50,000 रुपए का इनाम देने की भी घोषणा कर रखी थी। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, 'सूत्र से मिली जानकारी के आधार पर हमने पाया कि कुरैशी पिछले 6 महीनों से तेलंगाना में रह रहा था। इसलिए स्पेशल सेल की एक टीम आरोपी का पता लगाने और पकड़ने के लिए तेलंगाना भेजी गई थी। यह भी पता चला था कि आरोपी तेलंगाना के मीरपेट में गायत्री नगर के एक खास केमिस्ट की दुकान पर अक्सर आता है। इसलिए, सोमवार को जब कुरैशी को केमिस्ट की दुकान पर देखा गया तो उसे फौरन दबोच लिया गया।'
रेप और अपहरण के आरोप में भी जा चुका है जेल
पुलिस ने उसके बारे में यह भी बताया है कि कुछ साल सिलाई का काम करने के बाद कुरैशी अपहरण और रेप के मामले में जेल चला गया था। जेल में ही उसकी मुलाकात बरेली के कुख्यात अपराधी मुजीब से हुई थी। जेल से बाहर आने के बाद उसने गाजीपुर मुर्गा मंडी में अपने मामा के साथ काम करना शुरू कर दिया था। लेकिन, फिर अपने खर्चों को पूरा करने के लिए उसने अपराध का रास्ता पकड़ लिया।
अकेला पा कर अंकित शर्मा पर टूट पर थे दरिंदे
डीसीपी ने कहा, '24 फरवरी, 2020 को सलमान और समीर चांद बाग में कुरैशी के घर गए। शाम में उन्होंने नॉर्थईस्ट दिल्ली दंगों में भाग लेने की योजना बनाई। अगले दिन तीनों आरोपी मुस्तफाबाद की फिरदौस मस्जिद के पास जमा हुए और बहुत ज्यादा कट्टर होने की वजह से वो भी खुद को चांद बाग इलाके के दंगों में शामिल कर लिया।'
चांद बाग पुलिया के पास आईबी ऑफिसर अंकित शर्मा को अकेला पाकर कुरैशी ने अपने बाकी साथियों के साथ मिलकर उनकी निर्मम हत्या कर दी। उन्होंने कहा कि सलमान और समीर इस मामले में पहले से गिरफ्तार किए जा चुके हैं। (इनपुट-पीटीआई)












Click it and Unblock the Notifications