दिल्ली में नहीं थमी कोरोना की रफ्तार, 24 घंटे के अंदर 5506 नए केस हुए दर्ज
नई दिल्ली। देश में कोरोना संक्रमण के नए मामलों ने पिछले सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। पिछले 2 दिनों से कोरोना के नए मामले 1 लाख से ज्यादा ही आ रहे हैं, जो पहली बार हुआ है। वहीं राजधानी दिल्ली में भी लगातार बढ़ रहा संक्रमण सरकार की चिंता बढ़ा रहा है। बुधवार को एकबार फिर दिल्ली में कोरोना के नए केस 5 हजार के पार ही आए हैं। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, दिल्ली में पिछले 24 घंटे के अंदर कोरोना के 5506 केस दर्ज हुए हैं। वहीं संक्रमण से 20 लोगों की जान चली गई है।

राजधानी में एक्टिव मरीजों की संख्या 19 हजार के पार
दिल्ली में पिछले 24 घंटे के अंदर 3363 मरीज कोरोना से रिकवर भी हुए हैं। इसके साथ ही दिल्ली में कुल मरीजों की संख्या 6,90,568 तक पहुंच गई है। वहीं मरने वालों का आंकड़ा 11 हजार को पार कर गया है। दिल्ली में एक्टिव मरीजों की संख्या 19455 हो गई है।
मंगलवार से दिल्ली में लगा है नाइट कर्फ्यू
आपको बता दें कि दिल्ली में मंगलवार को भी कोरोना के नए केस 5100 आए थे और 17 मरीजों की जान चली गई थी। दिल्ली सरकार ने बढ़ते संक्रमण को देखते हुए मंगलवार से नाइट कर्फ्यू की भी घोषणा कर दी थी, लेकिन संक्रमण की रफ्तार कम नहीं हो रही है। वहीं दिल्ली सरकार ने पिछले 3 दिन के अंदर अस्पतालों में 2000 से अधिक बेड की संख्या को बढ़ाया है। सरकार की तरफ से इन कोशिशों के साथ-साथ संक्रमण को फैलने से रोकने की भी अपील की जा रही है। बुधवार को सत्येंद्र जैन ने जनता से अपील की और कहा कि मैं जनता से मास्क पहनने और सामाजिक दूरियां बनाए रखने की अपील करता हूं।












Click it and Unblock the Notifications