एक दिन की राहत के बाद दिल्ली में आज कोरोना से 3 लोगों की मौत, रविवार को जीरो था आंकड़ा
रविवार को दिल्ली के लिए एक बड़ा राहत का दिन रहा, जब राजधानी में कोरोना वायरस से कोई मौत नहीं हुई।
नई दिल्ली, 19 जुलाई: कोरोना वायरस महामारी की तीसरी लहर की आशंका के बीच देश की राजधानी दिल्ली में संक्रमण के मामलों में गिरावट जारी है, लेकिन मौतों की संख्या में एक बार फिर इजाफा हुआ है। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, सोमवार को दिल्ली में कोरोना वायरस के 36 नए केस मिले और 58 लोग ठीक होकर अपने घर लौटे। वहीं, इस दौरान कोरोना संक्रमण से दिल्ली में तीन लोगों की मौत भी हुई। इससे एक दिन पहले रविवार को दिल्ली के लिए एक बड़ा राहत का दिन रहा, जब राजधानी में कोरोना वायरस से कोई मौत नहीं हुई।

नए मामले मिलने के बाद दिल्ली में कोरोना वायरस के कुल केस बढ़कर 1,435,565 और मृतकों की कुल संख्या 25,030 हो गई है। हालांकि दिल्ली में अब तक 14,09,968 मरीज कोरोना वायरस को मात भी दे चुके हैं, जिसके बाद एक्टिव केस घटकर महज 567 बचे हैं। स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि दिल्ली में इस समय कोरोना वायरस का पॉजिटिविटी रेट 0.06 फीसदी है। रविवार को पॉजिटिविटी रेट 0.7 फीसदी था और कोरोना वायरस के 51 नए मामले दर्ज हुए थे।
'दिल्ली में कांवड़ यात्रा की अनुमति नहीं'
आपको बता दें कि रविवार को दिल्ली के लिए सबसे बड़ी राहत की खबर उस वक्त आई, जब इस साल बीते 2 मार्च के बाद राजधानी में कोरोना संक्रमण से कोई मौत नहीं हुई। कोरोना वायरस के हालात को देखते हुए दिल्ली सरकार ने इस साल होने वाली कांवड़ यात्रा पर भी रोक लगा दी है। दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने रविवार को एक आदेश जारी करते हुए कहा, 'उत्तराखंड सरकार की तरफ से प्रतिबंध लगाने के बावजूद कांवड़ यात्रा के दौरान दिल्ली में जुलूस या भीड़ जुटने की आशंका है। इसलिए, कोरोना वायरस के मौजूदा हालात को देखते हुए यह फैसला लिया गया कि दिल्ली में भी कांवड़ यात्रा की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए।'












Click it and Unblock the Notifications