Delhi Rain: वीआईपी इलाकों में जलभराव और ट्रैफिक जाम, बारिश का पानी सड़कों पर, जनता हलकान, VIDEO
Delhi Rain राष्ट्रीय राजधानी में रहने वाले लोगों के लिए मुसीबत का सबब बनकर सामने आई है। बारिश की फुहारों के बाद गर्मी से मिली राहत को एंजॉय कर पाएं, इससे पहले ही जनता जलजमाव और ट्रैफिक जाम से परेशान हो गई।
नालियों का पानी सड़कों पर!
समाचार एजेंसी एएनआई पर सामने आई दिल्ली की अलग-अलग वीडियो में देखा जा सकता है कि दिल्ली में बारिश इतनी हुई जिससे नालियों का पानी सड़कों पर बह रहा है।

किन इलाकों में हलकान हुए राजधानीवासी
वाहन चालकों को सड़कों से गुजरने के दौरान कड़ी मशक्कत करनी पड़ रही है। तिलक मार्ग, आईटीओ और कनॉट प्लेस से विजुअल में रेंगती गाड़ियों को देखा जा सकता है।
MCD की पोल खुली?
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में लगातार हो रही बारिश के कारण जनता काफी परेशान है। जलभराव की तस्वीरों से दिल्ली नगर निगम (MCD) के ड्रेनेज सिस्टम और बरसात के पहले की तैयारियों की पोल भी खुल रही है।
जलभराव के बाद ट्रैफिक पर रोक, मिंटो ब्रिज के नीचे पानी
मिंटो ब्रिज इलाके में भी जलभराव की खबर है। मिंटो ब्रिज के नीचे जलभराव के बाद वहां से वाहन न गुजरें, इसके लिए दिल्ली पुलिस ने बैरिकेडिंग की है। बता दें कि मिंटो ब्रिज के नीचे जलभराव के कारण ऑटो और बस डूबने की खौफनाक घटनाएं हो चुकी हैं।
ट्रैफिक सिग्नल पर वाहनों की लंबी कतार
लगातार बारिश के बीच रोजाना दफ्तर आने-जाने वाले लोगों को भी काफी परेशानी हो रही है। तिलक मार्ग से सामने आई तस्वीरों में देखा जा सकता है कि ट्रैफिक सिग्नल पर वाहनों की लंबी कतार लगी है। जाम से त्रस्त लोग पैदल अपने गंतव्य की तरफ जा रहे हैं।
कनॉट प्लेस में भी बदतर हालात
राजधानी के सबसे बिज और पॉश इलाकों में गिने जाने वाले कनॉट प्लेस में भी हालात बदतर हैं। ड्रेनेज नाकाम होता दिख रहा है। सड़कों पर कई इंच जलभराव में वाहनों के पहिए डूबे हुए देखे जा सकते हैं। ग्राउंड फ्लोर की कई दुकानों में भी पानी घुसने की खबर है।
दिल्ली की बारिश और जलभराव पर आजतक इंडिया टुडे की रिपोर्ट के अनुसार सरिता विहार अपोलो अस्पताल इलाके में भी जलभराव हुआ है। दिल्ली विश्वविद्यालय (DU) की सड़कों पर भी जलभराव के कारण तालाब जैसा मंजर दिख रहा है।
DU के नॉर्थ कैंपस में जलभराव के बावजूद स्टूडेंट्स को मस्ती करते देखा गया। दिल्ली के सदर बाजार में भी दुकानदारों को बहुत परेशानी हो रही है। दुकानों में जलभराव हो रहा है। पुलिस ने परामर्श में बहुत जरूरी होने पर ही ट्रैवल करने को कहा है।
पुलिस की अपील- ट्रैवल से पहले जरूर देखें सड़कों की स्थिति
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की एडवाइजरी में बताया गया कि हनुमान मंदिर, यमुना बाजार और निगम बोध घाट के पास जलभराव के कारण सड़कें बाधित हैं। इंटर स्टेट बस टर्मिनल (आईएसबीटी) कश्मीरी गेट से राजघाट की ओर भी वाहनों की लंबी कतार है।
तीन-चार दिनों तक बारिश का अलर्ट
गौरतलब है कि मौसम विभाग ने दिल्ली और इससे सटे NOIDA में तीन-चार दिनों तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। अरविंदो मार्ग, मालवीय नगर के अलावा टिकरी बॉर्डर, मुंडका और हरियाणा के रोहतक जाने वाली रोड पर भी जलभराव के कारण स्थिति दयनीय है।
ट्रैफिक जाम से हलकान हुई जनता
नजफगढ़ के फिरनी रोड और बहादुरगढ़ बस स्टैंड से झारोडा कलां की तरफ जाने वाली सड़क भी जलभराव के कारण बुरी तरह प्रभावित हुई है। रिंग रोड, भैरो मार्ग और मथुरा रोड पर भी जलभराव के कारण ट्रैफिक जाम जैसा मंजर देखने को मिला।
IMD का पूर्वानुमान, अभी बारिश जारी रहने के आसार
मौसम विभाग (IMD) के पूर्वानुमान के अनुसार, दिल्ली में 8 से 11 अप्रैल तक अच्छी बारिश होगी। इसके बाद भी बारिश जारी रहने के आसार हैं। तापमान में गिरावट होगी। गर्मी से राहत मिलेगी। न्यूनतम और अधिकतम तापमान 25 से 35 डिग्री के बीच रहने की संभावना है।












Click it and Unblock the Notifications