Delhi Rain: दिल्ली से गुरुग्राम तक बारिश, IMD ने जारी किया Red Alert, घर से निकलने से पहले पढ़ लें चेतावनी
Delhi Rain Red Alert Issued: दिल्ली-एनसीआर में लंबे इंतजार के बाद आखिरकार मॉनसून ने असर दिखाना शुरू कर दिया है। मंगलवार (07 जुलाई) को राजधानी दिल्ली, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और आसपास के कई इलाकों में तेज बारिश और झोंकेदार हवाओं ने मौसम पूरी तरह बदल दिया। सुबह तक उमस और गर्मी से परेशान लोग दोपहर होते-होते राहत महसूस करने लगे।
इस बीच भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने दिल्ली के लिए रेड अलर्ट जारी करते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। विभाग का कहना है कि दिनभर रुक-रुककर बारिश, गरज-चमक और 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।

Delhi NCR Rain Update: दिल्ली-एनसीआर में बदला मौसम का मिजाज
सुबह से ही राजधानी के आसमान में घने काले बादल छाए रहे। कई इलाकों में पहले हल्की बूंदाबांदी हुई और फिर तेज बारिश शुरू हो गई। दिल्ली के साथ-साथ नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद में भी अच्छी बारिश दर्ज की गई। बारिश के साथ चली तेज हवाओं ने तापमान में गिरावट ला दी, जिससे लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली।
मौसम विभाग ने साफ किया है कि आज पूरे दिन गरज-चमक के साथ मध्यम से भारी बारिश होने की आशंका है। सबसे ज्यादा चिंता की बात 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तेज हवाएं हैं, जिन्होंने दिल्ली के कई हिस्सों में कहर बरपाया है।
साउथ दिल्ली के ईस्ट ऑफ कैलाश इलाके से एक बड़ा हादसा सामने आया, जहां अमर कॉलोनी थाना क्षेत्र में तेज हवा के झोंकों के कारण एक विशालकाय पेड़ उखड़कर सड़क पर खड़ी गाड़ियों पर गिर गया। इस हादसे में करीब 4 से 5 गाड़ियां पूरी तरह पिचक गईं। गनीमत यह रही कि उस वक्त गाड़ियों में कोई मौजूद नहीं था, जिससे किसी की जान नहीं गई, लेकिन कार मालिकों को भारी नुकसान झेलना पड़ा है।
रेड अलर्ट क्यों जारी किया गया?
भारतीय मौसम विभाग ने 7 जुलाई के लिए दिल्ली में रेड अलर्ट जारी किया है। विभाग के मुताबिक कई इलाकों में मध्यम से तेज बारिश हो सकती है, जबकि कुछ जगहों पर भारी बारिश की भी आशंका है। इसके साथ गरज-चमक, बिजली गिरने और 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक की तेज हवाएं चल सकती हैं। ऐसे मौसम में खुले स्थानों, कमजोर पेड़ों और बिजली के खंभों के पास जाने से बचने की सलाह दी गई है।
गुरुग्राम में सड़कें बनीं तालाब, थमी गाड़ियों की रफ्तार
साइबर सिटी गुरुग्राम में भी मॉनसून की इस भारी बारिश ने प्रशासन के दावों की पोल खोल दी है। मूसलाधार बारिश के बाद कई प्रमुख चौराहों पर घुटनों तक पानी भर गया है। गुरुग्राम के हीरो होंडा चौक से सुभाष चौक की तरफ जाने वाली मुख्य सड़क पर भारी जलजमाव की वजह से वाहनों की कतारें लग गईं और गाड़ियों की रफ्तार बेहद धीमी हो गई।
हालांकि इस आफत के बीच अच्छी बात यह रही कि अधिकतम तापमान में बड़ी गिरावट आई है, जिससे लोगों को पिछले कई दिनों से परेशान कर रही उमस से बड़ी राहत मिली है। IMD के मुताबिक, इस दौरान पारा 32 से 37 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रहेगा।
अगले 5 दिनों का मौसम कैलेंडर: कब तक होगी बारिश? (Weather Forecast for Delhi-NCR)
मौसम विभाग के अर्बन मेटियोरोलॉजिकल सर्विसेज ने दिल्ली-एनसीआर के सभी 15 जिलों के लिए एक जैसा अलर्ट जारी किया है। चाहे वह नॉर्थ, साउथ, वेस्ट दिल्ली हो या फिर नोएडा, गाजियाबाद, फरीदाबाद और गुरुग्राम; हर जगह अगले कुछ दिन संभलकर रहने की जरूरत है।
- 7 जुलाई (आज): मध्यम से भारी बारिश के साथ बिजली कड़कने और 70 किमी/घंटे की रफ्तार से हवा चलने का रेड अलर्ट है। रात के वक्त भी बारिश का एक और दौर आ सकता है।
- 8 जुलाई: आज जैसी ही स्थिति कल भी रहेगी। दोपहर के समय गरज-चमक के साथ हल्की बारिश और तेज हवाएं चलने के आसार हैं।
- 9 जुलाई: सुबह और दोपहर के वक्त कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश होगी, जबकि रात होते-होते बौछारें बेहद धीमी हो जाएंगी।
- 10 और 11 जुलाई: इन दो दिनों के लिए राहत की बात है क्योंकि चेतावनी का लेवल घटकर 'ग्रीन' (कोई चेतावनी नहीं) हो जाएगा। हालांकि, आसमान में बादल छाए रहेंगे और दोपहर के वक्त हल्की बूंदाबांदी हो सकती है।
पूरे देश में एक्टिव हुआ मॉनसून, कई राज्यों में बाढ़ का खतरा
दिल्ली-एनसीआर के अलावा मौसम विभाग ने कोंकण, मध्य महाराष्ट्र और गुजरात के कुछ हिस्सों में बेहद भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। वहीं केरल, कर्नाटक और 8 जुलाई को उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल तथा सिक्किम में भी बहुत तेज बारिश की संभावना जताई गई है।
पिछले 24 घंटों में महाराष्ट्र के लोनावला में 53 सेंटीमीटर, पालघर के वाडा में 43 सेंटीमीटर और दादरा एवं नगर हवेली के सिलवासा में 27 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी अगले कुछ दिनों तक अच्छी बारिश का अनुमान है।
मौसम विभाग ने गुजरात, महाराष्ट्र, गोवा, मुंबई, पालघर, पुणे, सतारा, कोल्हापुर और तटीय कर्नाटक के कुछ इलाकों में अगले 24 घंटों के दौरान फ्लैश फ्लड का मध्यम खतरा भी जताया है। इसी वजह से स्थानीय प्रशासन और राहत एजेंसियों को पहले से तैयार रहने को कहा गया है।
क्या करें और क्या नहीं? | Safety Tips
- तेज हवा और बारिश के दौरान पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचें।
- जलभराव वाले रास्तों से गुजरते समय सावधानी रखें।
- बिजली चमकने के दौरान खुले मैदान में न रुकें।
- मौसम विभाग की ताजा चेतावनियों पर लगातार नजर रखें।














Click it and Unblock the Notifications