बारिश में दिल्ली हुई जानलेवा, जलमग्नान नाले में गिरने से मां-बेटे की मौत, कई जगह गिरी दीवारें
दिल्लीवासियों के लिए मानसून की बारिश जानलेवा साबित हो रही है। एक के बाद जानलेवा घटनाएं सामने आ रही है। पहले ओल्ड राजेंद्र नगर स्थित कोचिंग सेंटर के बेसमेंट में पानी भरने से तीन लोगों की मौत की खबर सामने आई थी।
अब बुधवार को हुई भीषण बारिश की वजह से कई जगहों पर जलभराव की स्थिति है। इस जलभराव के चलते मां-बेटे के नाले में गिरने से मौत का मामला सामने आय़ा है। जबकि एक अन्य घटना में दो लोग घायल हुए हैं।

मां-बेटे की मौत
Recommended Video
पुलिस के बताया कि 22 वर्षीय तनु और उसका तीन वर्षीय बेटा प्रियांश गाजीपुर में खोड़ा कॉलोनी के पास साप्ताहिक बाजार में थे। रात करीब 8 बजे वे फिसलकर नाले में गिर गए। गोताखोरों और क्रेन की मदद से दोनों को बाहर निकाला गया और लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
उत्तरी दिल्ली में मकान ढहा
वहीं उत्तरी दिल्ली के सब्जी मंडी इलाके में मूसलाधार बारिश के दौरान एक मकान ढह गया। इस हादसे में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। दिल्ली अग्निशमन सेवा के एक अधिकारी ने बताया कि उन्हें रात 8:57 बजे मकान ढहने की सूचना मिली।
पांच दमकल गाड़ियां मौके पर भेजी गईं और मलबे से एक व्यक्ति को निकाला गया। गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
दक्षिण पश्चिम दिल्ली में दीवार गिरी, दो घायल
दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के वसंत कुंज इलाके में भी बारिश के चलते एक घटना सामने आई है। यहां दीवार गिरने से एक महिला घायल हो गई। इस दीवार के गिरने से पास में खड़ी एक कार भी क्षतिग्रस्त हो गई। भारी बारिश के कारण दरियागंज इलाके में भी दीवार गिर गई जिसकी चपेट में आने से कई कारें क्षतिग्रस्त हो गईं।
दिल्ली में हर तरफ पानी ही पानी
बता दें कि भारी बारिश के कारण दिल्ली की सड़कें जलमग्न हो गईं हैं, हर तरफ पानी-पानी हो गया है, जिसके चलते लंबा ट्रैफिक जाम लग गया। कई घरों और दुकानों में पानी भर गया जिससे शहर की परेशानियां और बढ़ गईं। आलम यह था कि कई घंटे लोगों को सड़क पर ट्रैफिक में फंसे रहना पड़ा।
नगर निगम की खुली पोल
जिस तरह से बारिश में एक बार फिर से दिल्ली नगर निगम की हकीकत सामने आई है, उसने पूरे सिस्टम की पोल खोलकर रख दी है। अलग-अलग जगह पर जलभराव के चलते लोगों को काफी दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। लोगों की जान जा रही है, घायल हो रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications