'दिल्ली में 13 से 20 नवंबर तक ऑड-ईवन लागू', वायु प्रदूषण पर दिल्ली सरकार का बड़ा फैसला
Delhi Air Pollution: दिल्ली में बढ़ते वायु प्रदूषण के मद्देनजर केजरीवाल सरकार लगातार एक्शन मोड में है। इसी के तहत पाॉल्यूशन पर सोमवार को दिल्ली कैबिनेट की एक हाई लेवल मीटिंग हुई, जिसमें ऑड-ईवन लागू करने का फैसला किया गया है।
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली सचिवालय में प्रदूषण पर उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में मंत्री गोपाल राय, आतिशी, सौरभ भारद्वाज और संबंधित विभागों के अधिकारी भी मौजूद हैं, जिसमें बढ़ते पॉल्यूशन के मद्देनजर ऑड-ईवन सिस्टम लागू करने का निर्णय लिया।

पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने जानकारी देते हुए बताया कि 13 से 20 नवंबर तक दिल्ली में ऑड-ईवन व्यवस्था लागू होगी। बैठक के बाद मीडिया से बात करते हुए पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने जानकारी देते हुए कहा, "वायु प्रदूषण को देखते हुए ऑड-ईवन वाहन प्रणाली 13 से 20 नवंबर तक एक हफ्ते के लिए लागू रहेगी।"
इसी के साछ बढ़ते प्रदूषण पर पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने कहा कि हवा में ठहराव की वजह से दिल्ली में प्रदूषण बढ़ा है। दिल्ली सरकार प्रदूषण कम करने पर काम कर रही है।
मंत्री राय ने जताई प्रदूषण कम होनी की संभावना
मंत्री गोपाल राय ने प्रेस ब्रीफिंग में कहा कि पूर्वानुमान के अनुसार, कल 7 नवंबर को हवा की गति 12 किमी/घंटा होगी और यदि गति 10 से 12 किमी/घंटा तक पहुंच जाती है, तो संभावना है कि यहां जमा प्रदूषण का स्तर बिखर सकता है। इसी तरह 8 नवंबर को हवा की गति 8-10 किमी/घंटा होगी। उम्मीद है कि 7 और 8 नवंबर को हवा की गति बढ़ जाएगी. जिससे प्रदूषण के स्तर में कमी आएगी।"
दिल्ली की स्थिति के लिए भाजपा सरकारें दोषी-गोपाल राय
इससे पहले मीडिया से बात करते हुए पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने दिल्ली की स्थिति के लिए भाजपा की सरकारों को दोषी ठहराया। उन्होंने अपने बयान में कहा कि भाजपा अगर इसी समय काम कर लेती तब भी ये नौबत नहीं आती। भाजपा सरकारों के निकम्मेपन की मार दिल्ली झेल रहा है। दिल्ली CNG बसें चला रहा है लेकिन भाजपा सरकारें आज भी डीजल बस दौड़ा रही है।
उन्होंने कहा कि दिल्ली में जेनरेटर के सेट नहीं हैं, लेकिन पूरे उत्तर प्रदेश और हरियाणा के अंदर जेनरेटर सेट के धुओं की मार दिल्ली झेल रहा है। दिल्ली में जो काम हुए हैं अगर भाजपा के लोग उतना ही काम कर दें तो उससे भी दिल्ली का काफी भला हो जाएगा।
जानिए क्या होता है ऑड-ईवन
आपको बात दें कि ऑड- ईवन वाहन प्रणाली के दौरान ऑड वाले दिन जिन गाड़ियों के नंबर प्लेट के आखिरी अंक 1, 3, 5, 7 और 9 नंबर होंगे वहीं चलेंगी। ऐसे ही ईवन वाले दिन जिन गाड़ियों के नंबर प्लेट के लास्ट में 0, 2, 4, 6 और 8 नंबर हैं, वो गाड़ियां सड़कों पर दौड़ेगी।
दिल्ली में प्रदूषण को लेकर सख्ती, स्कूल बंद
- दिल्ली में BS-3 पेट्रोल और BS-4 डीजल कार पर बैन जारी है।
- राजधानी में किसी भी तरह का निर्माण कार्य नहीं होगा।
- दिल्ली में 6से 9 और 11वी की फिजिकल क्लास 10 नवंबर तक बंद रहेंगी।












Click it and Unblock the Notifications