NewsClick: दिल्ली में 'न्यूजक्लिक' का ऑफिस सील, विदेशी फंडिंग मामले में 30 से ज्यादा परिसरों में छापेमारी
Delhi NewsClick Office Seal: ऑनलाइन न्यूज पोर्टल न्यूजक्लिक की कथित विदेशी फंडिंग की जांच के सिलसिले में दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ताबड़तोड़ कार्रवाई को अंजाम दे रही है।
मंगलवार (03 अक्टूबर) स्पेशल सेल ने न्यूजक्लिक से जुड़े कम से कम 30 परिसरों पर छापेमारी की, जिसमें छह पत्रकारों के घर भी शामिल हैं।

'न्यूजक्लिक' का ऑफिस सील
दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल के अधिकारियों ने दिल्ली में 'न्यूजक्लिक' के ऑफिस को सील कर दिया है। दिल्ली पुलिस यूएपीए और अन्य धाराओं के तहत न्यूजक्लिक से जुड़े विभिन्न परिसरों पर रेड की कार्रवाई को अंजाम दे रही है।
इससे पहले दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल के अधिकारी न्यूजक्लिक के संस्थापक और प्रधान संपादक प्रबीर पुरकायस्थ के साथ न्यूजक्लिक कार्यालय से निकले। जिनको स्पेशल सेल के दफ्तर लाया गया। खबरों के मुताबिक पत्रकार उर्मिलेश और सत्यम तिवारी को हिरासत में लिया गया है। साथ ही पत्रकार अभिसार शर्मा को भी दिल्ली पुलिस की स्पेशल साथ लेकर गई है।
कुछ लोगों को भी लिया हिरासत में
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक स्पेशल सेल ने मंगलवार को सुबह-सुबह एक साथ दिल्ली, नोएडा और गजियाबाद में न्यूजक्लिक से जुड़े ठिकानों पर रेड डाली। छापेमारी की कार्रवाई 50 से ज्यादा ठिकानों पर एक साथ चल रही है। इस दौरान कुछ लोगों को भी हिरासत में लिया गया है।
छापेमारी के दौरान स्पेशल सेल ने कई इलेक्ट्रॉनिक एविडेंस (लैपटॉप-मोबाइल) जब्त कर लिए हैं। इसके अलावा हार्ड डिस्क का डेटा भी अपने कब्जे में लिया है। साथ ही कई फाइलें भी जब्त की गई हैं। यह छापेमारी 17 अगस्त को यूएपीए और 153ए (दो समूहों के बीच दुश्मनी को बढ़ावा देना) और 120 बी (आपराधिक साजिश) सहित आईपीसी की अन्य धाराओं के तहत दर्ज मामले के सिलसिले में हुई।
बता दें कि इससे पहले, 10 अगस्त को न्यूयॉर्क टाइम्स की एक रिपोर्ट में आरोप लगाया गया था कि न्यूजक्लिक एक वैश्विक नेटवर्क का हिस्सा है, जिसे अमेरिकी अरबपति नेविल रॉय सिंघम से फंडिंग मिलती है। यह भी कहा जाता है कि सिंघम का चीनी सरकार की मीडिया मशीन के साथ घनिष्ठ संबंध है।












Click it and Unblock the Notifications