'थप्पड़ मारा और बदतमीजी की', CJP के लहरा दो तिरंगा मार्च में CRPF महिला जवान के साथ गुंडागर्दी का वीडियो वायरल
राजधानी दिल्ली के कनॉट प्लेस और पालिका बाजार में हुए 'लहरा दो तिरंगा' प्रदर्शन के दौरान सुरक्षाबलों के साथ बदसलूकी का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। दिल्ली पुलिस ने शनिवार को एक वीडियो जारी किया है, जिसमें आरोप लगाया गया है कि कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन के दौरान कुछ लोगों ने ड्यूटी पर तैनात CRPF के जवान पर हमला कर दिया।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, एक महिला ने खुद को यूट्यूबर बताकर राजीव चौक मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर 6 के पास सीआरपीएफ जवान को थप्पड़ मारा। इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था और तथाकथित रीलबाजों के तौर-तरीकों पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।

क्या है 'लहरा दो तिरंगा' मार्च का पूरा विवाद?
CJP फाउंडर अभिजीत दिपके ने सीजेरियन सदस्यों सौरव दास और आशुतोष रांका की गिरफ्तारी के विरोध में शुक्रवार शाम 5 बजे कनॉट प्लेस में इस मार्च का आह्वान किया था। सौरव और आशुतोष को जंतर-मंतर पर घुसने की कोशिश के दौरान पकड़ा गया था।
CJP और विपक्षी दल एसआईआर (SIR) को वापस लेने और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर लगातार प्रदर्शन कर रहे हैं। मार्च से पहले ही पुलिस ने एहतियातन अभिजीत दिपके और AISA प्रमुख नेहा बोरा को हिरासत में ले लिया था। पुलिस का कहना है कि दिपके को सेंट्रल पार्क न जाने के दो नोटिस दिए गए थे और उन्होंने 50,000 रुपये का पीस बॉन्ड भी भरा था, जिसका उल्लंघन किया गया।
नकली यूट्यूबर और रीलबाजों की आड़ में हिंसा
पुलिस द्वारा जारी फुटेज में साफ दिख रहा है कि कैसे मोबाइल कैमरे और माइक लेकर चलने वाले कुछ लोग भीड़ की आड़ में आक्रामक हो गए। जब CRPF के जवानों ने पूरी संयम के साथ उन्हें रोकने की कोशिश की, तो वे चीखने-चिल्लाने लगे और जवानों पर हाथ छोड़ दिया।
जानकारों का कहना है कि अगर उस वक्त जवान ने जरा सा भी बल प्रयोग किया होता, तो स्थिति और बिगड़ सकती थी। फिलहाल पुलिस अलग-अलग कैमरों के फुटेज खंगाल रही है ताकि हमला करने वाले इन फर्जी पत्रकारों और उपद्रवियों की पहचान करके सख्त कानूनी कार्रवाई की जा सके।


Click it and Unblock the Notifications
