कहीं मसाले की आड़ में आप भी तो नहीं खा रहे जहर? पुलिस ने पकड़ी ऐसी फैक्ट्री, जिसके कांड खड़े कर देंगे रोंगटे
Delhi Fake Masala Seized: चंद पैसों के लिए मिलावटखोर लोगों की सेहत से खिलवाड़ कर रहे हैं। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने ऐसी दो नकली मसाला बनाने वाली फैक्ट्रियों का भंडाफोड़ किया है, जिनके पास से 15 टन मिलावटी मसाला और कच्चा माल बरामद किया है।
हो सकता है कि आपकी रसोई में धनिया पाउडर, हल्दी पाउडर और अन्य मसाले वैसे ना हों जैसा आप सोचते हैं। ऐसा इसलिए क्योंकि दिल्ली पुलिस ने करावल नगर इलाके में दो फैक्ट्रियों पर कार्रवाई करते हुए बनाया जा रहा करीब 15 टन नकली मसाला जब्त किया है।

इसी के साथ पुलिस ने तीन लोगों को भी गिरफ्तार किया है। वहीं पुलिस की सूचना पर फूड सेफ्टी विभाग ने भी मसालों का सैंपल ले लिया है। बताया जा रहा है कि आरोपी दिल्ली की खारी बावली, सदर बाजार, लोनी के अलावा पूरे एनसीआर और अन्य राज्यों में भी मिलावटी मसालों की धड़ल्ले से सप्लाई कर रहे थे।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि दिलीप सिंह (46), सरफराज (32) और खुर्शीद मलिक (42) इन मिलावटी मसालों को दिल्ली/एनसीआर में स्थानीय बाजारों और विक्रेताओं को सप्लाई करते थे।
डीसीपी (अपराध शाखा) राकेश पावरिया के मुताबिक टीम की कार्रवाई में सड़े हुए पत्ते और चावल, खराब बाजरा, लकड़ी का बुरादा, मिर्च के डंठल, एसिड और केमिकल भी बरादम किया है, जो कि नकली मसाला बनाने में इस्तेमाल होते थे।

कैसे हुआ मिलावट फैक्ट्री का भंडाफोड़
दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच को इनपुट मिली था कि नॉर्थ ईस्ट दिल्ली में कई मैन्युफैक्चरर और दुकानदार तरह-तरह के ब्रांड के नाम से मिलावटी मसाले बनाकर दिल्ली-एनसीआर में बेच रहे हैं। इसके बाद क्राइम ब्रांच ने एक टीम बनाकर करावल नगर में दो फैक्ट्रियों पर छापेमारी की।
इस दौरान भागने की कोशिशों के बावजूद दिलीप सिंह और सरफराज दोनों को पुलिस ने पकड़ लिया गया और उनसे पूछताछ की गई। जिसमें दिलीप सिंह ने मैन्युफैक्चरर यूनिट का मालिक होने की बात कबूल की, जबकि खुर्शीद मलिक ने इन मिलावटी मसालों को सप्लाई करने की हामी भरी।












Click it and Unblock the Notifications