Operation Aaghat 3.0: New Year से पहले दिल्ली पुलिस का ‘ऑपरेशन आघात 3.0’, भारी मात्रा में हथियार-ड्रग्स बरामद
Delhi Police Operation Aaghat 3.0: नए साल के जश्न से पहले राजधानी दिल्ली में दिल्ली पुलिस ने अपराधियों और शराबियों पर नकेल कसने के लिए कमर कस कर सड़कों पर उतर गई है। राज्य में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के लिए दिल्ली पुलिस ने शनिवार, 27 दिसंबर को बड़ा अभियान चलाया।
इस अभियान को 'ऑपरेशन आघात 3.0' नाम दिया गया, जिसके तहत आबकारी अधिनियम (Excise Act), एनडीपीएस एक्ट (NDPS Act) और जुआ अधिनियम (Gambling Act) के मामलों में 285 लोगों को गिरफ्तार किया गया।

न्यूज एजेंसी ANI को जानकारी देते हुए दिल्ली पुलिस ने बताया, इस विशेष अभियान के दौरान 1,306 लोगों को प्रिवेंटिव एक्शन के तहत हिरासत में लिया गया। इनमें से 504 लोगों को एहतियातन पकड़ा गया, जबकि 116 ऐसे लोगों को गिरफ्तार किया गया, जिन्हें पुलिस की भाषा में "बैड कैरेक्टर" यानी आदतन अपराधी माना जाता है।
हथियार, कारतूस और ड्रग्स की बड़ी बरामदगी
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नए साल के दौरान किसी भी तरह की आपराधिक गतिविधि को रोकने और आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए यह अभियान चलाया गया। 'ऑपरेशन आघात 3.0' के दौरान पुलिस को बड़ी मात्रा में अवैध सामान बरामद करने में सफलता मिली। पुलिस द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक, इस अभियान में:
- 21 देसी पिस्तौल
- 20 जिंदा कारतूस
- 27 चाकू
- 12,258 क्वार्टर अवैध शराब
- 6.01 किलोग्राम गांजा
- ₹2,30,990 नकद
- 310 मोबाइल फोन
- 231 दोपहिया वाहन और एक चारपहिया वाहन
जब्त किए गए हैं। पुलिस का कहना है कि ये सभी सामान अपराध और अवैध गतिविधियों से जुड़े थे।
पुलिस अधिकारियों का बयान
दक्षिण-पूर्व दिल्ली के डीसीपी हेमंत तिवारी ने कहा कि यह ऑपरेशन कानून-व्यवस्था बनाए रखने की दिशा में एक अहम कदम है। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार किए गए 285 लोगों के खिलाफ आबकारी अधिनियम, एनडीपीएस एक्ट और जुआ अधिनियम के तहत केस दर्ज किए गए हैं।
पहले भी चल चुके हैं 'ऑपरेशन आघात'
गौरतलब है कि यह ऑपरेशन का तीसरा चरण है। इससे पहले सितंबर में ऑपरेशन आघात (पहला चरण) के तहत दक्षिण-पूर्व दिल्ली में 70 लोगों को गिरफ्तार किया गया था। उस दौरान 14 देसी पिस्तौल, एक आधुनिक पिस्तौल, 24 कारतूस और 16 चाकू बरामद हुए थे।
अक्टूबर में ऑपरेशन आघात 2.0 चलाया गया था, जिसमें संगठित अपराध, आदतन अपराधियों, शराब माफिया और ड्रग्स तस्करों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए करीब 500 लोगों को हिरासत में लिया गया था।
दिल्ली पुलिस का कहना है कि नए साल के मौके पर सुरक्षा में कोई ढील नहीं दी जाएगी। ऐसे ऑपरेशन आगे भी जारी रहेंगे, ताकि अपराधियों पर नकेल कसी जा सके और आम लोग सुरक्षित माहौल में नए साल का जश्न मना सकें।












Click it and Unblock the Notifications