बृजभूषण सिंह के खिलाफ जांच अभी भी जारी, सबूत न होने की खबर बिल्कुल गलत: दिल्ली पुलिस
Brij Bhushan Singh: दिल्ली पुलिस ने बृजभूषण सिंह के खिलाफ सबूत नहीं होने वाली खबर को सिरे से खारिज किया है और इसे गलत और भ्रामक बताया है।

दिल्ली पुलिस ने बुधवार को उन खबरों का खंडन किया, जिनमें दावा किया गया था कि भारतीय कुश्ती महासंघ के प्रमुख बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ कोई पर्याप्त सबूत नहीं है। दिल्ली पुलिस ने कहा कि कई मीडिया चैनल यह कहानी चला रहे हैं कि दिल्ली पुलिस को डब्ल्यूएफआई के पूर्व अध्यक्ष के खिलाफ दर्ज मामलों में पर्याप्त सबूत नहीं मिले हैं और मामले में अंतिम रिपोर्ट संबंधित अदालत के समक्ष प्रस्तुत की जानी है। यह खबर झूठी और गलत है और इस संवेदनशील मामले की जांच पूरी संवेदनशीलता के साथ चल रही है।
समाचार एजेंसी एएनआई ने दिल्ली पुलिस के सूत्रों के हवाले से दी थी रिपोर्ट
दिल्ली पुलिस का यह स्पष्टीकरण तब सामने आया जब समाचार एजेंसी एएनआई ने दिल्ली पुलिस के सूत्रों के हवाले से बताया कि बृजभूषण शरण सिंह को गिरफ्तार नहीं किया जा सकता क्योंकि उनके खिलाफ पर्याप्त सबूत नहीं हैं। समाचार एजेंसी ने दिल्ली पुलिस के हवाले से यह भी कहा था कि 15 दिनों के भीतर पुलिस अपनी रिपोर्ट दाखिल करेगी। यह चार्जशीट या अंतिम रिपोर्ट के रूप में हो सकती है।
रविवार को कई पहलवानों को हिरासत में लिया गया था
बता दें कि पहलवानों का विरोध रविवार को तब और बढ़ गया जब नए संसद भवन की ओर कूच कर रहे पहलवानों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। इसके बाद पहलवानों ने दिल्ली पुलिस के खिलाफ बर्बरता के आरोप लगाए। महिला पहलवानों के साथ बदसलूकी के भी आरोप लगाए।
Recommended Video
मेडल को गंगा में प्रवाहित करने जा रहे थे लेकिन टिकैत ने रोका
मंगलवार को पहलवानों ने घोषणा की कि वे अपने पदक हरिद्वार की गंगा में प्रवाहित करेंगे क्योंकि बृजभूषण की गिरफ्तारी की उनकी मांग पूरी नहीं हो रही है। पहलवानों को फिर ऐसा करने से किसान नेता नरेश टिकैत ने रोका, जिन्होंने केंद्र सरकार को 5 दिन का अल्टीमेटम दिया और आगे आंदोलन और तेज करने की चेतावनी दी।












Click it and Unblock the Notifications