मनीष सिसोदिया को जबरन ले गई पुलिस,केजरीवाल बोले-क्या ऊपर से कहा गया है? देखिए VIDEO
दिल्ली के पूर्व डिप्टी सीएम के साथ आम आदमी पार्टी ने दुर्व्यवहार का आरोप लगाया है। दिल्ली के मुख्यमंत्री ने पूछा है कि क्या दिल्ली पुलिस को सिसोदिया के साथ ऐसा करने के लिए ऊपर से कहा गया था।

दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री को मंगलवार को पेशी के लिए राउज एवेन्यू कोर्ट ले जाया गया था। इस दौरान वहां का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसको लेकर आम आदमी पार्टी और दिल्ली सरकार की ओर से केंद्र सरकार पर उनके साथ दुर्व्यवहार के आरोप लगाए जा रहे हैं।
दिल्ली पुलिस ने सिसोदिया के साथ दुर्व्यवहार किया-केजरीवाल
आम आदमी पार्टी की ओर से दिल्ली पुलिस पर सिसोदिया के साथ असभ्य बर्ताव के आरोप लगाए जा रहे हैं। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सवाल किया है क्या पुलिस को ऐसा करने के लिए ऊपर से कहा गया है? इस बीच दिल्ली के राउज एवेन्यू कोर्ट ने सिसोदिया को 1 जून तक न्यायिक हिरासत में वापस तिहाड़ जेल भेज दिया है।
सिसोदिया से पूछे जा रहे थे अध्यादेश पर सवाल
जब अदालत से सिसोदिया को पुलिस बाहर ले जा रही थी तो वहां मौजूद मीडिया वालों ने उनसे दिल्ली में ट्रांसफर-पोस्टिंग को लेकर केंद्र सरकार की ओर से जारी अध्यादेश पर सवाल करना शुरू कर दिया।
पुलिस सिसोदिया को जबरन लेकर चली गई
इस दौरान सिसोदिया ने अध्यादेश के लिए मोदी सरकार पर निशाना साधना शुरू कर दिया। उन्होंने इसे प्रधानमंत्री मोदी का घमंड तक कह दिया। तभी पुलिस ने मीडिया वालों से उन्हें बात करने से रोका और उन्हें लगभग खींचकर वहां से ले गई।
आतिशी ने शेयर किया वीडियो
दिल्ली पुलिस द्वारा दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री को ले जाने के तरीके पर आम आदमी पार्टी ने उसके खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। दिल्ली की मंत्री आतिशी ने एक वीडियो शेयर कर लिखा है,'राउज एवेन्यू कोर्ट में इस पुलिस वाले का मनीष जी के साथ दुर्व्यवहार हैरान करने वाला है। दिल्ली पुलिस को उन्हें तत्काल सस्पेंड करना चाहिए।'
क्या पुलिस को ऐसा करने के लिए ऊपर से कहा गया है?-केजरीवाल
आतिशी के ट्वीट को रीट्वीट करते हुए दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने सवाल किया है, 'क्या पुलिस को इस तरह मनीष जी के साथ दुर्व्यवहार करने का अधिकार है? क्या पुलिस को ऐसा करने के लिए ऊपर से कहा गया है?'
क्या पुलिस को ऐसा करने के लिए मोदी जी ने कहा है?-सौरभ भारद्वाज
दिल्ली सरकार के एक और मंत्री सौरभ भारद्वाज ने तो इसके लिए सीधे पीएम मोदी तक को घेरने की कोशिश की है। उन्होंने यही वीडियो शेयर करके प्रश्न पूछा है, 'क्या पुलिस को इस तरह मनीष जी के साथ दुर्व्यवहार करने का अधिकार है? क्या पुलिस को ऐसा करने के लिए मोदी जी ने कहा है?'
पुलिस ने दुर्व्यहार के आरोपों को नकारा
इस बीच दिल्ली पुलिस की ओर से सिसोदिया के साथ दुर्व्यवहार के दावों को दुष्प्रचार बताया गया है। पुलिस का कहना है कि सुरक्षा के दृष्टिकोण पुलिस की वह प्रतिक्रिया आवश्यक थी।
पुलिस का कहना है कि न्यायिक हिरासत के दौरान अभियुक्त का मीडिया में बयान देना कानून के खिलाफ है।
Recommended Video

फरवरी से जेल में हैं सिसोदिया
दिल्ली की नई आबकारी नीति में गड़बड़ी के मामले में मनीष सिसोदिया को सीबीआई ने फरवरी में गिरफ्तार किया था, तब से वह कानून की गिरफ्त में हैं।












Click it and Unblock the Notifications