Delhi: CM रेखा गुप्ता पर हमले का अब सामने आएगा असली सच! आरोपी को पैसे भेजने वाला शख्स गिरफ्तार
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता (Rekha Gupta) पर हमले की जांच जारी है। इस बीच पुलिस ने आरोपी राजेश खिमजी के एक दोस्त को राजकोट से हिरासत में लिया है। दिल्ली पुलिस के अनुसार, उसके कई दोस्तों और रिश्तेदारों से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, राजेश के दोस्त ने कथित तौर पर उसे पैसे ट्रांसफर किए थे। दिल्ली पुलिस की एक टीम राजकोट में है और उसे आज शाम तक राष्ट्रीय राजधानी ले आएगी। पुलिस पूछताछ के दौरान खिमजी द्वारा दिए गए बयान की पुष्टि कर रही है। अभी तक इस मामले में किसी और की गिरफ्तारी नहीं हुई है।

'जन सुनवाई' के दौरान CM पर हुआ था हमला
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर 20 अगस्त को सिविल लाइंस इलाके में उनके सरकारी आवास पर 'जन सुनवाई' के दौरान राजेश भाई खिमजी भाई सकारिया ने हमला किया था। आरोपी को तुरंत गिरफ्तार कर लिया गया। दो सीसीटीवी फुटेज सामने आए हैं जिनमें आरोपी खिमजी मुख्यमंत्री के आवास की रेकी कर रहा है।
आवास के अंदर-बाहर 11 मिनट तक घूमता रहा युवक
इन फुटेज में वह शालीमार बाग स्थित उनके आवास के अंदर-बाहर 11 मिनट तक घूमता हुआ दिखाई दे रहा है। 19 अगस्त की फुटेज में राजेश को साइकिल रिक्शा से सीएम के निजी आवास पर पहुंचते, इलाके का वीडियो बनाते और परिसर में प्रवेश करते हुए दिखाया गया है। जाहिर तौर पर वह रेकी कर रहा था। बाद में, आवास के कर्मचारियों ने उसे मुख्यमंत्री के आधिकारिक सिविल लाइंस आवास और जनसुनवाई कार्यक्रम के समय की जानकारी वाली एक पर्ची दी।
हत्या के प्रयास का मामला दर्ज
बुधवार को राजेश ने सीएम गुप्ता पर उनके सिविल लाइंस स्थित आवास पर जनसुनवाई के दौरान हमला किया, कथित तौर पर उन्हें थप्पड़ मारे और उनके बाल खींचे। दिल्ली पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता के तहत उसके खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया और पूछताछ के लिए पांच दिन की रिमांड हासिल की।
पुलिस ने बताया कि राजकोट निवासी 41 वर्षीय राजेश मंगलवार सुबह ट्रेन से दिल्ली पहुंचा- राष्ट्रीय राजधानी की उसकी पहली यात्रा। शालीमार बाग जाने से पहले वह सिविल लाइंस स्थित गुजराती भवन की दूसरी मंजिल पर कमरा नंबर डी-5 में रुका था।
हमले के बाद मुख्यमंत्री को मिली Z कैटेगरी सिक्योरिटी
पुलिस ने बताया कि उसने फोन पर अपने एक दोस्त को मुख्यमंत्री आवास पर आने की जानकारी भी दी थी। इस चौंकाने वाले हमले के बाद मुख्यमंत्री के सिविल लाइंस स्थित आवास की सुरक्षा काफ़ी बढ़ा दी गई है। सीएम गुप्ता को अब 'ज़ेड कैटेगरी' की सुरक्षा प्रदान की गई है और उनकी सुरक्षा में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के जवानों की एक टीम तैनात की गई है।
राजेश का आपराधिक इतिहास, राजकोट में 5 मामले दर्ज
पुलिस ने आगे बताया कि राजेश का आपराधिक इतिहास है और राजकोट के भक्तिनगर पुलिस स्टेशन में उसके खिलाफ पांच मामले दर्ज हैं। हालांकि उसे चार मामलों में बरी कर दिया गया है, लेकिन एक मामला अभी भी लंबित है, जिसकी अगली सुनवाई 9 सितंबर को होनी है।












Click it and Unblock the Notifications