VIDEO: लोकसभा के बाहर भी अंदर जैसी घटना, महिला सहित दो लोगों ने कलर गैस के साथ लगाए नारे और फिर....
देश की राजधानी दिल्ली में आज यानी बुधवार को लोकसभा के बाहर सुरक्षा में बड़ी चूक देखने को मिली है। यहां दो प्रदर्शनकारियों, एक पुरुष और एक महिला ने रंगीन धुएं के साथ विरोध प्रदर्शन किया। इसके साथ ही उन्होंने 'तानाशाही बंद करो..मणिपुर में महिलाओं पर अत्याचार बंद करो'...नारेबाजी की।
बताया जा रहा है कि सूचना मिलते ही बमुश्किल एक घंटे बाद, दिल्ली पुलिस ने सूचित किया कि उन्होंने परिवहन भवन के सामने से भी प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया है। दिल्ली पुलिस ने बताया कि ये प्रदर्शनकारी संसद के बाहर रंगीन धुएं का इस्तेमाल कर रहे थे।

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि संसद के बाहर विरोध प्रदर्शन के लिए हिरासत में लिए गए दो व्यक्तियों की पहचान नीलम (42) और अमोल शिंदे (25) के रूप में की गई है। आगे की जांच जारी है। घटना के बाद इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
जांच में जुटी दिल्ली पुलिस
दिल्ली पुलिस हिरासत में लिए गए दो लोगों से सुरक्षा उल्लंघन से संबंधित प्रारंभिक पूछताछ कर रही है। पुलिस यह जानने की भी कोशिश में लगी है कि संसद में जबरन घुसने वाले दो सदस्यों से इनका कुछ लेना-देना है या नहीं? दिल्ली पुलिस ने बताया कि हिरासत में लिए गए लोगों से कई एजेंसियों द्वारा पूछताछ किए जाने की संभावना है।
संसद में घुसे दो लोग
आपको बता दें कि 2001 के संसद हमले की बरसी पर एक बड़े सुरक्षा उल्लंघन में, दो व्यक्ति बुधवार को सार्वजनिक गैलरी से लोकसभा कक्ष में कूद गए और कनस्तर खोल दिए, जिससे पीले रंग का धुआं निकला, जिससे सांसदों में दहशत फैल गई। घटना के तुरंत बाद सदन स्थगित कर दिया गया। दोपहर करीब एक बजे जब शून्यकाल चल रहा था, तभी दो घुसपैठिए सार्वजनिक गैलरी संख्या चार से कूद गए। उन्होंने 'तानाशाही नहीं चलेगी' जैसे नारे भी लगाए। मालूम हो कि पाकिस्तान स्थित लश्कर-ए-तैयबा और जैश-ए-मोहम्मद संगठनों के आतंकवादियों ने 2001 में आज ही के दिन संसद परिसर पर हमला किया था, जिसमें नौ लोगों की मौत हो गई थी।












Click it and Unblock the Notifications