संजय राउत के खिलाफ दिल्ली में मामला दर्ज, BJP की महिला नेता पर अपमानजनक टिप्पणी के आरोप
नई दिल्ली। महाराष्ट्र के वरिष्ठ नेता एवं शिवसेना सांसद संजय राउत के खिलाफ दिल्ली में एफआईआर दर्ज कराई गई है। इस बारे में जानकारी देते हुए आज दिल्ली पुलिस ने बताया कि, राउत के खिलाफ भाजपा की एक महिला कार्यकर्ता ने शिकायत दर्ज कराई। उनके खिलाफ दिल्ली के मंडावली थाने में आईपीसी की धारा-509 और 500 के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। उन पर भाजपा की महिला सदस्यों के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करने के आरोप हैं।
Recommended Video

राउत बोले- ये साजिश मेरी आवाज दबाने के लिए
एफआईआर पर प्रतिक्रिया देते हुए संजय राउत ने कहा कि, मेरे खिलाफ दिल्ली में एफआईआर राजनीतिक मकसद से और मेरी आवाज दबाने के लिए दर्ज कराई गई है। शिवसेना नेता ने कहा, "यह मेरी पार्टी को बदनाम करने के लिए किया गया है क्योंकि सीबीआई, इनकम टैक्स डिपार्टमेंट या ईडी का मेरे खिलाफ इस्तेमाल नहीं किया जा सकता है। मैं सांसद हूं, मेरे खिलाफ झूठी शिकायत दर्ज कराने के लिए कुछ लोगों का ऐसे इस्तेमाल करना सही नहीं है।"
जानकारी के मुताबिक, भाजपा की महासचिव दीप्ति रावत भारद्वाज ने 9 दिसंबर को राउत के खिलाफ एक कंप्लेंट दर्ज करवाई थी। अपनी शिकायत में उन्होंने मराठी न्यूज चैनल को दिए गए संजय राउत के इंटरव्यू का हवाला दिया। राउत का वो इंटरव्यू 9 दिसंबर को 2 टीवी चैनलों पर प्रसारित हुआ था। अपनी शिकायत में दीप्ति ने आरोप लगाया कि, उक्त इंटरव्यू में राउत ने बीजेपी कार्यकर्ताओं के साथ महिलाओं को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की और पूरे इंटरव्यू में राउत ने आपत्तिजनक शब्द का 4 बार इस्तेमाल किया। शिकायत मिलने पर दिल्ली पुलिस ने आज यानी कि सोमवार को केस रजिस्टर्ड किया है।












Click it and Unblock the Notifications