Delhi Parking Closed: दिल्ली में 26 जनवरी को रेलवे स्टेशनों की पार्किंग पूरी तरह बंद, मेट्रो का टाइम भी बदला
Delhi Parking Closed:गणतंत्र दिवस से पहले दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बड़े फैसले लिए गए हैं। अगर आप 25 या 26 जनवरी को रेलवे स्टेशन जाने की योजना बना रहे हैं, तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है। रेलवे प्रशासन ने राजधानी के प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर पार्किंग और पार्सल सेवाओं को लेकर सख्त आदेश जारी किए हैं।
इन रेलवे स्टेशनों पर पार्किंग रहेगी पूरी तरह बंद
रेलवे की ओर से साफ किया गया है कि 25 और 26 जनवरी को नई दिल्ली रेलवे स्टेशन, दिल्ली जंक्शन, हजरत निजामुद्दीन और आनंद विहार टर्मिनल पर सभी अधिकृत पार्किंग स्थल बंद रहेंगे। इन दो दिनों में यात्रियों को किसी भी तरह की वाहन पार्किंग की सुविधा नहीं मिलेगी। प्रशासन का कहना है कि यह कदम गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान सुरक्षा कारणों से उठाया गया है।

पार्सल सेवाओं पर भी लगी रोक
सिर्फ पार्किंग ही नहीं, बल्कि इन सभी स्टेशनों पर पार्सल लेनदेन भी पूरी तरह से बंद रहेगा। रेलवे के मुताबिक 25 और 26 जनवरी को पार्सल गोदामों को खाली रखा जाएगा और प्लेटफॉर्म पर किसी तरह की पार्सल पैकिंग की अनुमति नहीं होगी। इसका असर व्यापारिक और निजी दोनों तरह के पार्सल पर पड़ेगा।
26 जनवरी को सुबह 3 बजे से चलेगी मेट्रो (Delhi Metro Time Update)
यात्रियों को राहत देने के लिए दिल्ली मेट्रो ने बड़ा एलान किया है। डीएमआरसी के अनुसार 26 जनवरी को सभी मेट्रो लाइनों पर ट्रेन सेवाएं सुबह तीन बजे से शुरू हो जाएंगी। तड़के तीन बजे से सुबह छह बजे तक मेट्रो हर 15 मिनट के अंतराल पर उपलब्ध रहेगी। इसके बाद पूरे दिन मेट्रो सामान्य समय सारणी के अनुसार चलेगी। यह व्यवस्था कर्तव्य पथ पर आयोजित गणतंत्र दिवस समारोह में पहुंचने वालों को ध्यान में रखकर की गई है।
मेट्रो पार्किंग और नमो भारत स्टेशनों का अपडेट
डीएमआरसी ने यह भी स्पष्ट किया है कि गणतंत्र दिवस के दिन सभी मेट्रो स्टेशनों पर पार्किंग सुविधाएं चालू रहेंगी। वहीं एनसीआरटीसी ने बताया कि दिल्ली गाजियाबाद मेरठ नमो भारत कॉरिडोर के सभी स्टेशनों पर सुरक्षा जांच बढ़ाई जाएगी। न्यू अशोक नगर और आनंद विहार नमो भारत स्टेशनों पर पार्किंग 25 जनवरी दोपहर दो बजे से 26 जनवरी दोपहर दो बजे तक उपलब्ध रहेगी।
अगर आप इन तारीखों में यात्रा करने वाले हैं, तो समय से पहले अपनी प्लानिंग कर लेना ही समझदारी होगी।












Click it and Unblock the Notifications