Delhi: LG सक्सेना से मिलने पहुंचे CM केजरीवाल, 45 मिनट तक चली बैठक, संसद में कल पेश होगा अध्यादेश!
लोकसभा में सोमवार को दिल्ली सेवा बिल पेश नहीं हो सका। मंगलवार को संसद में बिल पेश होने की संभावना है। इस बीच दिल्ली सीएम अरविंद केजरीवाल ने एलजी से उनके आवास में मुलाकात की।
लोकसभा में भारी हंगामे के चलते संसद की कार्यवाही सोमवार को स्थगित कर दी गई। जिसके चलते राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली सेवा बिल पेश नहीं हो सका। अब बिल कल यानी मंगलवार को पेश होने की संभावना है।
लेकिन, इस बीच मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना से मुलाकात करने उनके आवास पहुंचे। दोनों के बीच लगभग 45 मिनट तक बैठक चली। हालांकि, बैठक के बाद केजरीवाल बिना मीडिया से बात किए निकल गए। सूत्रों की मानें तो दिल्ली ऑर्डिनेंस बिल इसी हफ्ते संसद में पेश हो सकता है।

31 जुलाई से 4 अगस्त तक व्हिप जारी
आपको बता दें कि आम आदमी पार्टी ने राज्यसभा के सभी सांसदों को दिल्ली में सेवाओं के नियंत्रण पर सरकार के अध्यादेश को लेकर पार्टी के रुख का समर्थन करने के लिए व्हिप जारी किया है। जिसमें बताया गया है कि सभी सांसद 31 जुलाई से 4 अगस्त तक सदन में उपस्थित रहें। पार्टी लाइन का पालन करें।
क्या है अध्यादेश?
केंद्र सरकार द्वारा लाए गए नए अध्यादेश में कहा गया है कि राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली (संशोधित ऑर्डिनेंस) 2023 के जरिए केंद्र ने राष्ट्रीय राजधानी सिविल सेवा प्राधिकरण (एनसीसीएसए) का गठन किया है। दिल्ली में अधिकारियों के ट्रांसफर, पोस्टिंग और सेवा से जुड़े फैसले अब एनसीसीएसए के जरिए होंगे। इसमें दिल्ली के मुख्यमंत्री को प्रमुख बनाने की बात कही गई है। लेकिन, फैसला बहुमत से होगा।
अध्यादेश के विरोध में केजरीवाल
माना जा रहा है कि लोकसभा में केंद्र सरकार इस बिल को आराम से पास करा लेगी, लेकिन राज्यसभा में मामला अटक सकता है। वहीं, अरविंद केजरीवाल की सरकार लगातार इस अध्यादेश का विरोध कर रही है। अध्यादेश पर ही विपक्षी दलों का समर्थन लेने के लिए केजरीवाल तमाम विपक्षी दलों से मुलाकात करने में लगे हैं। राज्यसभा में इस बिल को लेकर विरोध में समर्थन मांग रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications