Delhi Office Timing: दिल्ली में बदल गए ऑफिस के वर्किंग ऑवर्स, क्या है नई टाइमिंग और कब से होगी लागू, हर डिटेल
Delhi Office Timing Update: दिल्ली की हवा एक बार फिर जहरीली हो गई है। राजधानी का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) लगातार 'बेहद खराब' श्रेणी में पहुंच गया है। ऐसे में दिल्ली सरकार ने प्रदूषण को कम करने के लिए एक बड़ा फैसला लिया है। अब दिल्ली सरकार और दिल्ली नगर निगम (MCD) के दफ्तरों के कामकाजी घंटे (ऑफिस ऑवर्स) बदल दिए गए हैं।
ऑफिस वर्किंग ऑवर्स में यह बदलाव ट्रैफिक लोड को कम करने और सड़कों पर भीड़ के वक्त प्रदूषण घटाने के मकसद से किया गया है। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शुक्रवार (07 नवंबर) को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि अब दिल्ली सरकार के दफ्तर सुबह 10:00 बजे से शाम 6:30 बजे तक खुलेंगे। वहीं MCD ऑफिसों का समय 8:30 बजे से शाम 5:00 बजे तक तय किया गया है। यह बदलाव 15 नवंबर 2025 से लेकर 15 फरवरी 2026 तक यानी सर्दियों के पूरे सीजन के लिए लागू रहेगा।

अभी तक दिल्ली सरकार के दफ्तरों का समय 9:30 बजे से 6:00 बजे तक था, जबकि एमसीडी कर्मी 9:00 बजे से 5:30 बजे तक काम करते थे। यानी दोनों विभागों के बीच सिर्फ 30 मिनट का अंतर था, जिससे सुबह और शाम दोनों वक्त ट्रैफिक का दबाव एक साथ बढ़ जाता था। यही कारण था कि राजधानी में जाम और धुएं की समस्या और भी ज्यादा गंभीर हो रही थी।
ट्रैफिक कम होगा, हवा सुधरने की उम्मीद
सरकार के मुताबिक, ऑफिस टाइम में यह बदलाव ट्रैफिक फ्लो को 'स्टैगर्ड' करने की कोशिश है ताकि एक ही वक्त में लाखों लोग सड़क पर न निकलें। इससे वाहनों की भीड़ कम होगी और हवा में फैलने वाले प्रदूषक कणों (PM2.5) में भी कमी आएगी। दिल्ली की सड़कों पर वाहनों से निकलने वाला धुआं राजधानी के कुल प्रदूषण में करीब 15% तक योगदान करता है, जिसे अगले कुछ हफ्तों में घटाने की उम्मीद जताई गई है।
AQI 'रेड जोन' में, NCR की हवा भी जहरीली
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के Sameer App के अनुसार, दिल्ली के 38 में से 29 मॉनिटरिंग स्टेशनों ने 'बहुत खराब' श्रेणी की हवा दर्ज की है। शुक्रवार शाम 4 बजे तक दिल्ली का औसत AQI 322 रिकॉर्ड किया गया, जो सीधे 'रेड जोन' में आता है।
एनसीआर क्षेत्र में भी हालात अच्छे नहीं हैं-गाजियाबाद का AQI 314 और नोएडा का 306 दर्ज किया गया। विशेषज्ञों के मुताबिक, अगले कुछ दिनों तक दिल्ली और आसपास की हवा में कोई खास सुधार की संभावना नहीं है।
सरकार का दावा-सर्दियों में यह कदम असर दिखाएगा
दिल्ली सरकार का कहना है कि सर्दियों में बढ़ते ट्रैफिक और प्रदूषण को देखते हुए यह कदम अस्थायी रूप से उठाया गया है। यदि आने वाले हफ्तों में इसके सकारात्मक नतीजे दिखे, तो इसे आगे भी बढ़ाया जा सकता है। फिलहाल, दिल्लीवालों के लिए राहत की बात यही है कि सरकार ने समस्या को स्वीकारते हुए कदम उठाया है अब देखना यह होगा कि बदले हुए टाइमटेबल से दिल्ली की हवा में कुछ सुधार होता है या नहीं।












Click it and Unblock the Notifications