Delhi News Today: वायु प्रदूषण रोकने के लिए सरकार का मास्टर प्लान, पहली बार कृत्रिम बारिश का प्रयोग! जानिए सब
Delhi News Today: राजधानी दिल्ली में वायु प्रदूषण को रोकने के लिए सरकार ने मास्टर प्लान तैयार कर लिया है। प्रदेश में पहली बार कृत्रिम बारिश का प्रयोग हो सकता है। पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले में शहीद भारतीय नौसेना के अधिकारी लेफ्टिनेंट विनय नरवाल का पार्थिव शरीर बुधवार दोपहर को दिल्ली एयरपोर्ट लाया गया। इस दौरान उनकी पत्नी हिमांशी ने ताबूत को चूमकर उन्हें अंतिम विदाई दी। सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि भारत सरकार इस संकट की घड़ी में आपके साथ खड़ी है। जानिए आज की सब अपडेट...
राजधानी दिल्ली में बढ़ते वायु प्रदूषण को रोकने के लिए सरकार ने प्लान कर लिया है। पर्यावरण मंत्री मंजिंदर सिंह सिरसा ने बुधवार को जानकारी दी कि अगले हफ्ते से एक व्यापक और सख्त प्रदूषण नियंत्रण एक्शन प्लान लागू किया जाएगा।

वायु प्रदूषण रोकने के लिए सरकार का मास्टर प्लान
सिरसा ने कहा कि सरकार प्रदूषण से निपटने के लिए पारंपरिक उपायों के साथ-साथ अत्याधुनिक तकनीकों का भी सहारा ले रही है। इनमें डिजिटाइजेशन, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित निगरानी प्रणाली और संवेदनशील इलाकों-जैसे निर्माण स्थल और ट्रैफिक हॉटस्पॉट्स-की 24 घंटे निगरानी शामिल है।
दिल्ली में पहली बार कृत्रिम बारिश का प्रयोग हो सकता है
इसके अलावा, एक बेहद अहम कदम के तहत दिल्ली सरकार अब कृत्रिम बारिश (क्लाउड सीडिंग) के विकल्प को भी गंभीरता से विचार में ले रही है। मंत्री सिरसा ने बताया कि इस प्रस्ताव को अगली कैबिनेट बैठक में पेश किया जाएगा। अगर यह मंज़ूरी पाता है, तो दिल्ली में पहली बार कृत्रिम बारिश का प्रयोग कर सकती है, जिससे हवा की गुणवत्ता में तेज़ी से सुधार लाया जा सकेगा।
सिरसा ने कहा, "दिल्ली की हवा को स्वच्छ बनाना हमारी प्राथमिकता है। सरकार हर संभव कदम उठाएगी, चाहे वो जमीन पर हो या आसमान में।" गौरतलब है कि दिल्ली सरकार का यह कदम ऐसे वक्त में आया है जब वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) लगातार 'गंभीर' श्रेणी में बना हुआ है और प्रदूषण से जुड़ी बीमारियों में इजाफा देखा जा रहा है। ऐसे में यह कदम दिल्ली की हवा को साफ करने और लोगों के स्वास्थ्य को बेहतर बनाने की दिशा में एक बड़ा प्रयास साबित हो सकता है।
पत्नी हिमांशी ने ताबूत को चूमकर लेफ्टिनेंट विनय नरवाल को दी अंतिम विदाई
मंगलवार(22 अप्रैल) को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले में शहीद हुए भारतीय नौसेना के अधिकारी लेफ्टिनेंट विनय नरवाल का पार्थिव शरीर बुधवार दोपहर को दिल्ली एयरपोर्ट लाया गया। इस दौरान एक भावुक दृश्य सामने आया जब उनकी पत्नी हिमांशी ने ताबूत को चूमकर उन्हें अंतिम विदाई दी। वहां मौजूद हर व्यक्ति की आंखें नम हो गईं।
लेफ्टिनेंट नरवाल हाल ही में शादी के बंधन में बंधे थे। वो अपनी पत्नी हिमांशी के साथ पहलगाम कोई सैन्य कार्य से नहीं, बल्कि हनीमून मनाने गए थे। शादी की खुशियाँ अभी फीकी भी नहीं पड़ी थीं कि यह प्रेम कहानी आतंक की गोली की भेंट चढ़ गई। कोमोडोर सौरभ ठाकुर और नौसेना के अन्य अधिकारियों ने हवाई अड्डे पर नरवाल को श्रद्धांजलि दी। लेफ्टिनेंट नरवाल के अंतिम संस्कार के लिए अधिकारी परिवार के साथ करनाल भी गए।
भारत सरकार इस संकट की घड़ी में आपके साथ खड़ी है: सीएम रेखा गुप्ता
बुधवार को जब हमले में मारे गए कई लोगों के शव शहर पहुंचे तो सीएम रेखा गुप्ता, कैबिनेट सहयोगी आशीष सूद और दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा हवाई अड्डे पर मौजूद थे। उनके परिजनों को सहायता का आश्वासन देते हुए सीएम रेखा गुप्ता ने कहा, "भारत सरकार इस संकट की घड़ी में आपके साथ खड़ी है और आपको अपना जीवन फिर से शुरू करने में हर संभव सहायता प्रदान करेगी।
सीएम रेखा गुप्ता ने बुधवार(23 अप्रैल) को X पर पोस्ट करते हुए लिखा- कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले से पूरा देश आहत और आक्रोशित है। आज इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा, नई दिल्ली पर पहुँचकर, पहलगाम आतंकी हमले में शहीद हुए भारतीय नौसेना के वीर अधिकारी लेफ्टिनेंट विनय नरवाल जी को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की।
यह देश उनके बलिदान को कभी नहीं भूलेगा। शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदना है। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें और उनके परिजनों को यह अपार दुःख सहने की शक्ति दें।
"23 अप्रैल एवं 24 अप्रैल को आयोजित होने वाले समस्त सार्वजनिक कार्यक्रमों को मैं स्थगित करती हूँ"
सीएम रेखा गुप्ता ने कहा- "जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए कायरतापूर्ण आतंकवादी हमले में शहीद नागरिकों के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए, दिनांक 23 अप्रैल एवं 24 अप्रैल को आयोजित होने वाले समस्त सार्वजनिक कार्यक्रमों को मैं स्थगित करती हूँ"












Click it and Unblock the Notifications