Delhi News: मेयर शैली ओबरॉय ने किया वार्डों का निरीक्षण, सुविधाओं और विकास कार्यों का लिया जायजा
Delhi News: दिल्ली की मेयर डॉक्टर शैली ओबेरॉय ने करोल बाग जोन के वेस्ट पटेल नगर वार्ड का निरीक्षण किया। क्षेत्र में नगर निगम द्वारा प्रदान की जाने वाली सुविधाओं और विकास कार्यों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान मेयर ने निर्देश दिए कि सार्वजनिक स्थानों और सड़कों पर कूड़ा, ग्रीन वेस्ट व अवैध मलबा डालने वालों पर सख्त कार्रवाई हो। उनका चालान काटा जाए। दिल्ली की सफाई व्यवस्था के साथ कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
मेयर ने वार्ड के मुख्य बाजारों में जाकर दुकानदारों से अवैध अतिक्रमण को बढ़ावा नहीं देने की अपील की। उन्होंने कहा कि वह अपने सामानों को फुटपाथ पर न रखें। अगर अतिक्रमण पाया गया तो कार्रवाई होगी। अवैध अतिक्रमण के कारण सड़कों पर जाम लग जाता है। इससे राहगीरों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है।

डॉ. शैली ओबेरॉय ने कहा कि वे बिना किसी पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के वार्डो का दौरा करती रहेगी। ताकि वास्तविकता का पता किया जा सके। केजरीवाल मॉडल के अनुरूप हम निगम में बेहतर नागरिक सेवाएं देने के लिए प्रतिबद्ध हैं। इस दिशा में सकारात्मक रूप से कार्य कर रहे हैं। इस अवसर पर उपायुक्त कुमार अभिषेक और निगम के अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
निरीक्षण के दौरान मेयर ने वार्ड के पुराने सामुदायिक भवन को जल्द से जल्द तोड़कर नए बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस सामुदायिक भवन की इमारत बहुत पुरानी और जर्जर है। ऐसे में इसे तोड़कर नया बनाया जाए। मेयर ने वार्ड के प्रमुख पार्क जैसे पटेल पार्क और डॉ. गिरधारी लाल गोस्वामी पार्क का भी दौरा किया।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पार्कों के शुद्धिकरण का कार्य जल्द से जल्द किया जाए। साथ ही क्षेत्र में हाइड्रोलिक मशीन से बड़े पेड़ों की भी छटनी हो। सभी डार्क स्पॉट व मुख्य बाजारों में प्राथमिकता के आधार पर स्ट्रीट लाइट लगाई जाए। मेयर ने स्थानीय नागरिकों व दुकानदारों की समस्याएं सुनी। क्षेत्र के मुद्दों को जानने का प्रयास किया।












Click it and Unblock the Notifications