Delhi Monsoon: भारी बारिश से दिल्ली में हाहाकार! 6 की मौत, बिजली कटौती, जानें अगले 5 दिनों का हाल?
Delhi Monsoon Alert: मानसून के दिल्ली पहुंचते ही लगातार बारिश का कहर जारी है। 88 सालों में जून में एक दिन में सबसे अधिक बारिश होने के एक दिन बाद शनिवार को बादलों ने दिल्ली को फिर घेर लिया। हल्की बारिश ने जनजीवन को प्रभावित किया। राजधानी में मानसून के आगमन के साथ, भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अगले पांच दिनों में हल्की से मध्यम बारिश की भविष्यवाणी की है, जबकि 1 जुलाई तक दिल्ली के कुछ हिस्सों में भारी बारिश होने की संभावना है।
आपको बता दें कि दिल्ली में शुक्रवार को 24 घंटे में 228.1 मिमी बारिश दर्ज की गई, जिसके कारण शहर के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। कई इलाकों में लंबे समय तक बिजली कटौती का सामना करना पड़ा। दिल्ली में बारिश से जुड़ी घटनाओं में कम से कम 6 लोगों की मौत हो गई है, जिसमें 2 बच्चे भी शामिल हैं।

दिल्ली के इन इलाकों में बारिश के आसार
मौसम विभाग के मुताबिक, शनिवार को द्वारका, पालम, वसंत विहार, वसंत कुंज, गुड़गांव, फरीदाबाद, मानेसर सहित दिल्ली-एनसीआर के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम तीव्रता के साथ गरज के साथ बौछारें पड़ने का अनुमान लगाया है। आइए जानते हैं 10 बड़े अपडेट....
- 28 जून की शाम दिल्ली के न्यू उस्मानपुर इलाके में बारिश के पानी से भरे गड्ढे में खेलते समय आठ और 10 साल के दो बच्चे डूब गए। एक अन्य घटना में, शालीमार बाग इलाके में पानी से भरे अंडरपास में एक व्यक्ति डूब गया।
- वसंत विहार में ढही एक निर्माणाधीन दीवार के मलबे में फंसे 3 मजदूरों के शव शनिवार को बचाव कर्मियों ने बाहर निकाले।
- दिल्ली में भारी बारिश के बाद चंद्रावल WW-II पंप हाउस में खराबी आने से कई इलाकों में पानी की आपूर्ति प्रभावित हुई है। दिल्ली जल बोर्ड ने कहा कि पानी की आपूर्ति में बाधा शनिवार को भी बनी रहेगी।
- 28 जून की सुबह दिल्ली एयरपोर्ट का टर्मिनल-1 की छत ढह गई। हादसे में 1 की मौत हो गई, जबकि 4 घायल हो गए। शनिवार को टर्मिनल-1 बंद कर दिया गया। वहीं, सभी उड़ानों की आवाजाही टर्मिनल-2 और टर्मिनल-3 पर स्थानांतरित कर दी गई है।
- भारी बारिश के कारण कई इलाकों में पेड़ उखड़ गए, जिससे रिहायशी इलाकों में खड़ी संपत्तियों और कारों को नुकसान पहुंचा।
- कई रिहायशी इलाकों में स्थानीय लोगों को अपने घरों से निकलने के लिए कमर तक पानी से होकर गुजरना पड़ा।
- किशनगंज में एक बस में पानी भर जाने के बाद उसमें फंसे यात्रियों को पुलिस और बचाव दल ने बचाया। तस्वीरों में देखा जा सकता है कि बचावकर्मी लाइफ जैकेट पहने पानी में उतरकर यात्रियों को बाहर निकाल रहे हैं।
- दिल्ली सरकार के मंत्री सौरभ भारद्वाज ने घोषणा की है कि जलभराव की स्थिति पर नजर रखने के लिए दिल्ली सरकार ने 24 घंटे नियंत्रण कक्ष स्थापित किया है।
- एमसीडी और पीडब्ल्यूडी ने पानी निकालने के लिए कई इलाकों में मोबाइल पंप लगाए हैं। जलभराव की शिकायतों के समाधान के लिए त्वरित प्रतिक्रिया दल बनाए गए हैं।
- उपराज्यपाल (एलजी) वी.के. सक्सेना ने भी स्थिति का जायजा लिया और अधिकारियों को आपातकालीन नियंत्रण कक्ष स्थापित करने तथा जलभराव की समस्या से निपटने के लिए स्टेटिक पंप तैनात करने का निर्देश दिया।












Click it and Unblock the Notifications