दिल्ली मेट्रो का किराया बढ़ाने जाने पर केजरीवाल नाखुश, केंद्रीय मंत्री को लिखी चिट्ठी
नई दिल्ली। दिल्ली मेट्रो रेल कार्पोरेशन (DMRC) के मेट्रो का किराया बढ़ाने के प्रस्ताव का दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने विरोध किया है। केजरीवाल ने मेट्रो का किराया बढ़ाने को अन्यायपूर्ण और कानून का उल्लंघन कहा है। उन्होंने कहा कि इससे आम दिल्लीवासियों की जेब पर एक बोझ बढ़ाया जा रहा है। डीएमआरसी ने 10 अक्टूबर से मेट्रो का किराया बढ़ाने का प्रस्ताव किया है। अरविंद केजरीवाल ने शनिवार को केंद्रीय शहरी विकास मंत्री हरदीप पुरी से भी अपील की है कि वे डीएमआरसी को किराया न बढ़ाने का निर्देश दें।

केजरीवाल ने पुरी को चिट्ठी लिख मांग की है कि वह डीएमआरसी को बोर्ड की बैठक बुलाने को कहें, जिसमें प्रस्तावित किराया बढ़ोत्तरी स्थगित करने का फैसला हो क्योंकि डीएमआरसी का संचालन केंद्र और दिल्ली सरकार संयुक्त रूप से करती हैं। केजरीवाल ने हरदीप पुरी से आग्रह किया है कि जब तक केंद्र और दिल्ली सरकार मिलकर डीएमआरसी के फैसले की समीक्षा नहीं कर लेतीं, तब तक डीएमआरसी को किराया बढ़ाने से रोका जाए। पांच महीने पहले मई में मेट्रो के किराए में बढ़ोत्तरी की गई है।
अरविंद केजरीवाल ने कहा है कि दिल्लीवासी इससे पहले की गई किराया बढ़ोत्तरी के बोझ से अब तक उबर नहीं पाए हैं, ऐसे में एक और किराया बढ़ोत्तरी अस्वीकार्य है। केजरीवाल ने कहा कि किराया निर्धारण समिति ने दो किराया वृद्धि के बीच एक साल का अंतराल रखने की सिफारिश की थी, लेकिन डीएमआरसी छह महीने से पहले ही दूसरी बार किराया बढ़ाने जा रही है, ये जायज नहीं है। दिल्ली के मुख्यमंत्री ने कहा कि डीएमआरसी लगाातार मुसाफिरों के ऊपर पर ऊंचे किराए का बोझ डाल रहा है, जो कि आम जनता के साथ नाइंसाफी है।












Click it and Unblock the Notifications