Delhi Metro: क्या अब भी बंद है यमुना बैंक मेट्रो स्टेशन? दिल्ली में बाढ़ ने मचाई तबाही, DMRC ने जारी किया अपडेट
Delhi Metro Latest Update: दिल्ली में यमुना नदी का पानी लगातार बढ़ने से लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी बुरी तरह प्रभावित हुई थी। कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बन गए थे और खासतौर पर यातायात व्यवस्था पर इसका बड़ा असर पड़ा। यमुना बैंक मेट्रो स्टेशन तक जाने वाला रास्ता भी पानी में डूब जाने के कारण बंद करना पड़ा था।
रास्ता बैंड होने की वजह से हजारों यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ी। हालांकि अब जलस्तर में कमी आने के बाद यह मार्ग दोबारा खोल दिया गया है, जिससे दिल्लीवासियों को बड़ी राहत मिली है। अब मेट्रो से सफर करने वाले लोग आसानी से स्टेशन पहुंच सकते हैं और उन्हें लंबे चक्कर लगाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।

बाढ़ के कारण हुआ था रास्ता बंद
पिछले हफ्ते दिल्ली में यमुना नदी का जलस्तर अचानक बढ़कर 207.48 मीटर तक पहुंच गया था। पानी बढ़ने से आसपास के निचले इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बन गए। मजनू का टीला, गीता कॉलोनी, कश्मीरी गेट, मयूर विहार और सिविल लाइंस जैसे कई इलाकों में पानी भर गया था। इसी वजह से यमुना बैंक मेट्रो स्टेशन तक जाने वाला संपर्क मार्ग बंद करना पड़ा था।
ये भी पढ़ें: IRCTC Parcel Booking: भारतीय रेलवे ने बदल दिया पार्सल बुकिंग के नियम, पहले और अब के रूल्स में है कितना अंतर?
यात्रियों को हुई दिक्कत
सड़क बंद होने से आसपास के लोग सीधे मेट्रो स्टेशन तक नहीं पहुंच पा रहे थे। हालांकि दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) ने यात्रियों से वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने की अपील की थी और यह भी साफ किया था कि स्टेशन पूरी तरह चालू है और इंटरचेंज की सुविधा भी जारी है। इसके बावजूद यात्रियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
जलस्तर घटने से मिली राहत
अब यमुना का जलस्तर धीरे-धीरे कम होने लगा है। 7 सितंबर की सुबह यमुना का जलस्तर 205.59 मीटर दर्ज किया गया, जबकि शनिवार रात यह 205.98 मीटर था। हालांकि जलस्तर खतरे के निशान (205.33 मीटर) से अभी भी ऊपर है, लेकिन घटते पानी ने लोगों को राहत दी है। इसी कारण यमुना बैंक मेट्रो स्टेशन तक पहुंचने वाला मार्ग भी फिर से खोल दिया गया है।
ये भी पढ़ें: पूरे देश में SIR लागू कराने की तैयारी, चुनाव आयोग ने दिल्ली में 10 सितंबर को बुलाई अहम बैठक












Click it and Unblock the Notifications