Delhi MCD: वीडियो में देखिए कैसा था सदन के भीतर का नजारा, जमकर चले लात-घूंसे, फेंकी पानी की बोतल, सेब
दिल्ली एमसीडी सदन के भीतर बीती रात जमकर हंगामा हुआ। स्टैंडिंग कमेटी के सदस्यों के चुनाव को लेकर आप और भाजपा के पार्षद आपस में भिड़ गए। इस दौरान इन लोगों ने एक दूसरे पर लात-घूसे चलाए

Delhi MCD: एमसीडी हाउस के भीतर जिस तरह से कल से भारी हंगामा देखने को मिल रहा है उसके बाद सदन को कई बार स्थगित किया जा चुका है। एमसीडी के छह स्थायी सदस्यों का चुनाव भारी हंगामे की वजह से अभी तक नहीं हो पाया है। पूरी रात सदन के भीतर हंगामा, शोर-शराबा देखने को मिला। सदन में हंगामे को देखते हुए सदन की कार्रवाई को आज पूरे दिन के लिए स्थगित कर दिया गया है। सदन के भीतर हंगामे के कई वीडियो भी सामने आए हैं, जिसमे देखा जा सकता है कि दोनों पार्टी के नेता एक दूसरे के ऊपर सामान फेंक रहे हैं।
सोशल मीडिया पर जो वीडियो सामने आया है उसमे देखा जा सकता है कि लोग एक दूसरे पर आधा खाया हुआ सेब फेंक रहे हैं। सदन में पार्षदों के बीच हाथापाई का भी वीडियो सामने आया है। कई महिला पार्षदों को आपस में धक्का-मुक्की करते हुए, मारपीट करते हुए देखा जा सकता है। सदन में भारी हंगामे को देखते हुए अतिरिक्त डीसीपी शशांक जयसवाल ने सिविक सेंटर का निरीक्षण भी किया था। सदन में मारपीट की घटना के बाद भारी सुरक्षा बल को तैनात किया गया था। मेयर की डेस्क के सामने कई पुलिस के जवानों को तैनात किया गया।
सदन के भीतर के हालात की बात करें तो आज सुबह 5 बजे तक पार्षद सदन में ही डटे रहे। कई पार्षदों को तो अपनी सीट पर सोते हुए देखा गया। मेयर शैली ओबरॉय ने कहा था कि चाहे पूरी रात गुजर जाए वह स्टैंडिंग कमेटी के छह सदस्यों का चुनाव कराकर ही जाएंगी। मेयर शैली ने आरोप लगाया कि भाजपा के पार्षदों ने उनके साथ मारपीट करने की कोशिश की, उनपर हमला करने की कोशिश की गई। वहीं भाजपा के पार्षदों पर माइक तोड़ने का भी आरोप लगा है। सदन में बैलट बॉक्स को फेंकने का भी वीडियो सामने आया है।
सदन के भीतर के कई वीडियो सामने आए हैं जिसमे देखा जा सकता है कि लोग एक दूसरे पर लात-घूंसा बरसा रहे हैं। पानी की बोतल फेंक रहे हैं, बैलेट बॉक्स को पलट रहे हैं। शैली ओबरॉय ने कहा कि भाजपा के पार्षद गुंडागर्दी कर रहे हैं। इन लोगों ने मुझपर भी हमला करने की कोशिश की। शैली ओबरॉय ने कहा कि सदन के भीतर जितना भी नुकसान हुआ है उसका वीडियो फुटेज देखने के बाद इन लोगों से वसूला जाएगा। जिन लोगों ने नुकसान किया है यह पैसा उन्ही लोगों से वसूला जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications